Latest Posts

स्वस्थ और नशामुक्त भारत के लिए युवाओं ने लगाई दौड़

– तेलीबांधा से सुभाष स्टेडियम तक ‘नमो युवा रन’ का हुआ आयोजन
– देश के 75 शहरों में दौड़े युवा
-उप मुख्यमंत्री साव ने झंडा लहराकर ‘नमो युवा रन’ का किया आगाज, विजेताओं को पुरस्कार बांटे
 
रायपुर, (संवाद साधना)। युवाओं को फिट और नशामुक्त रखने के लिए रविवार सुबह राजदानी रायपुर सहित देश के 75 शहरों में नमो युवा रन का आयोजन किया गया। तेलीबांधा तालाब से शुरू हुई यह दौड़ सुभाष स्टेडियम में समाप्त हुई। वहीं बिलासपुर में सीएमडी कॉलेज मैदान से प्रारंभ कर रीवर-व्यू रोड में इसका समापन किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तेलीबांधा तालाब में झंडा लहराकर ‘नमो युवा रन’ को प्रारंभ किया। प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाडिय़ों ने युवाओं के साथ दौड़ लगाकर इसकी प्रतीकात्मक शुरूआत की। विजेताओं को पुरस्कार भी बांटे गए।
हर युवा स्वस्थ व समर्थ हो
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि देश का हर युवा स्वस्थ हो, समर्थ हो, सक्षम हो और नशे से दूर रहे, इसकी जागरूकता के लिए इस दौड़ का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं और खेलों की तरक्की के लिए महत्वपूर्ण काम किए हैं। विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से भारत सरकार युवा शक्ति को तैयार करने का काम कर रही है। श्री साव ने कहा कि हम हर युवा को फिट रहने के लिए खेल के मैदान से जोडऩा चाहते हैं। वे खेलों से जुड़ेंगे तो नशे से दूर रहेंगे।
20 हजार खिलाडिय़ों ने कराया पंजीयन
रायपुर और बिलासपुर में आयोजित इस दौड़ में भाग लेने के लिए 20 हजार खिलाडिय़ों ने पंजीयन कराया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा उच्च शिक्षा तथा आदिम जाति कल्याण विभाग के सहयोग से इसका आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायकगण मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा तथा छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव भी इस दौरान उपस्थित थे।
ये हुए पुरस्कृत
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सुभाष स्टेडियम में आयोजित ‘नमो युवा रन’ के समापन में विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया। पुरूष वर्ग में अर्जुन राय को प्रथम, अक्षय कुमार को द्वितीय और चंद्रप्रकाश को तृतीय स्थान मिला। वहीं महिला वर्ग में वंशिका पटेल प्रथम, रूख्मणि साहू द्वितीय और चंचल यादव तृतीय स्थान पर रहीं। दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश: 25 हजार रुपए, 15 हजार रुपए और दस हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं चतुर्थ और पंचम स्थान हासिल करने वालों को पांच-पांच हजार रुपए तथा छठवें से दसवें स्थान पर रहने वालों को दो-दो हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

Latest Posts

Don't Miss