Latest Posts

लाखेनगर मंडल के गणेश पंडाल में हिंदूवादी संगठनों ने किया प्रदर्शन

– एआई से बनी गणेश प्रतिमा और डीजे पर अभद्र गानों को लेकर बवाल

रायपुर, संवाद साधना। राजधानी में इस साल गणेशोत्सव के दौरान तकनीकी माध्यम से तैयार की गई गणेश प्रतिमाओं को लेकर उठे विवाद थम नहीं रहे हैं। ऐसे ही मामले में लाखेनगर मंडल में माहौल गरमा गया, जब शिवसेना, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचकर विरोध करने लगे।


इस बार लाखेनगर गणेश मंडल अपनी एआई तकनीक से बनी प्रतिमा के कारण खासा चर्चा में है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे थे। हालांकि बीती रात अचानक माहौल बिगड़ गया। प्रदर्शनकारी संगठनों ने प्रतिमा का तुरंत विसर्जन करने की मांग की और आरोप लगाया कि आधुनिक तकनीक के जरिये दिखावा कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है।
डीजे पर बजते गानों से भडक़े संगठन
मिली जानकारी के अनुसार हंगामा तब शुरू हुआ जब पंडाल में तेज आवाज में आपत्तिजनक गाने बजाए गए। इस पर हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि धार्मिक आयोजन में ऐसे गानों का कोई स्थान नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने एआई से बनी प्रतिमाओं पर भी आपत्ति दर्ज की और कहा कि आस्था और परंपरा से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं होगी।
पुलिस की मुस्तैदी से हालात काबू
तनाव बढऩे पर पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। बड़ी संख्या में जवान लाखेनगर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। इलाके में फिलहाल शांति है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल मौजूद है।

Latest Posts

Don't Miss