Latest Posts

सेवानिवृत्त महासंघ ने किया मुख्यमंत्री से मुलाकात, नए मुख्यालय भवन लागत पर जताया रोष

रायपुर। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की है। सोमवार की रात में सीएम हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान महासंघ की तरफ नवा रायपुर में बिजली मुख्यालय बनाए जाने पर विरोध दर्ज कराने के साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों की बात को ध्यान से सुनने के बाद उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री को बिजली कंपनियों की गतिविधियों से अवगत करते हुए 217 करोड़ की लागत से प्रस्तावित पांच सितारा भवन निर्माण योजना के कंपनी पर पडऩे वाले दुष्परिणामों से अवगत कराया। साथ इसे निरस्त करने की मांग रखी। यह भी बताया गया कि भवन निर्माण पूर्ण होते तक इसकी लागत लगभग 500 करोड़ आने की पूर्ण संभावना है जिसका भार अंततोगत्वा जनता पर पड़ेगा जो कि पूर्णतया अनुचित है ।
महासंघ प्रतिनिधियों ने दवा आपूर्ति नहीं होने से सेवानिवृत्तों को हो रही तकलीफ के कारण विशाल प्रदर्शन की जानकारी देते हुए ज्ञापन की प्रति भी मुख्यमंत्री जी को सौंप कर जांच कार्यवाही का निवेदन किया । प्रतिनिधिमंडल में सेवानिवृत्त महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण देवांगन, प्रदेश उपाध्यक्ष जगजीत सिंह वालिया, कोषाध्यक्ष हेमेंद्र जाधव और प्रदीप देवांगन उपस्थित रहे।

Latest Posts

Don't Miss