– पंजाब से हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ में करता था सप्लाई
– एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व राजधानी पुलिस को मिली बड़ी सफलता
– वीर सावरकर नगर स्थित बंगाली होटल के पास नशे के सामान के साथ आरोपी रंगेहाथ पकड़ाया
रायपुर, संवाद साधना। छत्तीसगढ़ में हेरोइन की सप्लाई करने वाला मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने में राजधानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ये मुख्य आरोपी सिंडिकेट का संचालन भी करता था। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने मुख्य सप्लायर सहित पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्य सप्लायर पंजाब का रहने वाला है। वहीं शेष आरोपी राजधानी के रहने वाले हैं।
टीम ने मुख्य आरोपी के कब्जे से 91 ग्राम अफीम, 87 ग्राम हेरोइन चिट्टा जिसकी कीमत 30 लाख रुपए, 1 कंट्री मेड पिस्टल, 82 नग जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त 4 नग मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में हेरोइन की सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर ग्राम जौरा तह-पट्टी जिला तरणतारण पंजाब वर्तमान पता वीर सावरकर नगर हीरापुर कबीर नगर निवासी रूपिन्दर सिंह उर्फ पिन्दर उर्फ पाबलो पिता मंजीत सिंह (24) के साथ मस्जिद के पीछे नूरानी चौक राजा तालाब थाना सिविल लाइन रायपुर निवासी नौशाद खान उर्फ नासू पिता सागीर खान (24), संजय नगर थाना टिकरापारा निवासी मोह. खान पिता सिकंदर खान (22), सिटी कोतवाली बिलासपुर निवासी अरबाज खान पिता शेख ईब्रान खान (28), वीर सावरकर नगर एलआईजी 251 हीरापुर निवासी रानो ढिल्लन पति मंजीत सिंह निवासी को गिरफ्तार किया है। 29 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली थी कि कबीर नगर क्षेत्र स्थित बंगाली होटल के पास 1 व्यक्ति अपने पास हेरोईन(चिट्टा) रखा है तथा कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रूपिन्दर सिंह उर्फ पिन्दर उर्फ पाबलो को हिरासत में लिया और तलाशी लेने पर हेरोइन(चिट्टा), अफीम तथा पिस्टल मय कारतूस बरामद किया गया। इस प्रकरण में आरोपी नौशाद खान, अरबाज खान एवं मोहम्मद खान की भी संलिप्तता पाये जाने पर धारा 29 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत गिरफ्तारी की गई है।
पंजाब से लाकर छत्तीसगढ़ के जिलों में करता था सप्लाई
पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि उसे पाकिस्तान से हेरोइन(चिट्टा) की खेप पंजाब में मिलता था, जिसे छत्तीसगढ़ में लाकर जिला- रायपुर, बिलासपुर तथा धमतरी सहित अन्य जिलों में तस्करी करना एवं सिंडिकेट का संचालन करना बताया। सिंडिकेट में उसके द्वारा हेरोईन(चिट्टा) को पंजाब से लाकर पूर्व में गिरफ्तार आरोपी जग्गू एवं डिस्ट्रीब्युटर विजय मोटवानी तथा सूरज उर्फ भूषण शर्मा को देना बताया गया।
वीडियो, लोकेशन व शेयरिंग से होता था लेनदेन
आरोपी रूपिन्दर सिंह द्वारा सिंडिकेट के संचालन एवं स्वयं की पहचान छिपाने के लिए अपने विभिन्न छद्म नाम पिन्दर उर्फ पाबलो उर्फ पाबलो किंग का प्रयोग करता था साथ ही हेरोइन(चिट्टा) के सप्लाई के लिए वर्चुअल नंबर के माध्यम से वह व्हॉट्सएप कॉलिंग कर हेराईन(चिट्टा) की सप्लाय करता था। ग्राहकों को वीडियों एवं लोकेशन शेयरिंग के माध्यम से हेरोइन(चिट्टा) को उसके दिए हुए क्यूआरकोड में ऑनलाईन माध्यम से भुगतान करना उपलब्ध कराया जाता था।
पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते करता था सप्लाई
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी परेश पाण्डेय ने बताया कि हेरोइन सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी पर टीम लगातार नजर बनाई हुई थी। तकनीकी क्षेत्र में भी नजर रख रहे थे। वाट्सअप कॉलिंग और वीडियो शेयरिंग को पता चला तो उस पर भी नजर बनाए हुए थे। इसी बीच पता चला कि पंजाब से मुख्य सप्लायर कबीर नगर क्षेत्र में आया हुआ है। सूचना पर टीम पहुंची और उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने बताया कि हेरोइन पाकिस्तान से पंजाब आता था। इसके बाद छत्तीसगढ़ में सप्लाई किया जाता था।



