Latest Posts

मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे, 4 घंटे तक रेल यातायात रहा बाधित

– रायपुर और उरकुरा के बीच हुआ हादसा, कोई हताहत नहीं

रायपुऱ,संवाद साधना। राजधानी रायपुर और उरकुरा स्टेशन के बीच मंगलवार को मालगाड़ी के कई डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए, जिससे अप और डाउन दोनों रेल मार्गों पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। हादसे के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।
ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण कई यात्री ट्रेनें बीच रास्ते ही खड़ी करनी पड़ीं। अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस को उरकुरा स्टेशन के पास रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं नागपुर से बिलासपुर होकर हावड़ा जाने वाली यात्री ट्रेनों को रायपुर, सरोना स्टेशनों पर नियंत्रित की गई थी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक की मरम्मत और मालगाड़ी के डिब्बों को हटाने का काम युद्धस्तर किया गया। प्रचार-प्रसार निरीक्षक शिव प्रसाद ने बताया कि रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत उरकुरा क्षेत्र में एक मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतर गया। ट्रेन के दो पहिए पटरी से उतरे हैं। इसमें कोई भी हताहत नहीं हुआ है। कई घंटे की मेहनत के बाद आखिरकार पटरी को क्लियर कर दिया गया। लगभग 3-4 घंटों में रेल संचालन पुन: शुरू कर दिया गया।

 

Latest Posts

Don't Miss