– बहादुर जवानों को गैलेंट्री, प्रेसिडेंट्स और मेरिटोरियस सर्विस मेडल से किए जाएंगे पुरस्कृत
रायपुर,संवाद साधना। स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ पुलिस के 25 जवानों को देश के सर्वोच्च पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसमें 14 गैलेंट्री मेडल, 1 प्रेसिडेंट्स मेडल और 10 मेरिटोरियस सर्विस मेडल के साथ पुलिस जवानों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान पुलिस के साहस, निष्ठा और समर्पण को दर्शाती है। असाधारण साहस और जोखिम भरे अभियानों में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए 14 पुलिसकर्मियों को गैलेंट्री मेडल मिलेगा। इनमें आईपीएस सुनील शर्मा, उप निरीक्षक संदीप कुमार मडिले, आरक्षक मदकम पांडु, मदकम हदमा, मदकम देव, बरसे हुंगा, रोशन गुप्ता सहित अन्य शामिल हैं। तीन पुलिसकर्मी – स्व. रामुराम नाग, स्व. कुंजाम जोगा और स्व. वंजाम भीमा – को शहादत के लिए मरणोपरांत सम्मान दिया जाएगा।
पीएसएम के लिए हिमांशु गुप्ता का चयन
लंबे समय तक उच्च कोटि की सेवा और उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए छत्तीसगढ़ के निदेशक हिमांशु गुप्ता को प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस से सम्मानित किया जाएगा।
10 पुलिसकर्मियों को मेरिटोरियस सर्विस मेडल
लगन, अनुकरणीय सेवा और ईमानदारी के लिए 10 पुलिसकर्मियों को मेरिटोरियस सर्विस मेडल मिलेगा। इनमें आईजी ध्रुव गुप्ता, एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर, कमांडेंट श्वेता राजमणि, एसपी रवी कुमार कुर्रे, एआईजी रोहित कुमार झा, निरीक्षक कौशल्या भट्ट, निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्रा, प्लाटून कमांडर दल सिंह नामदेव, कंपनी कमांडर दिलीप कुमार साहू और एएसआई सुशील कुमार बरुआ शामिल हैं।