Latest Posts

बारनवापारा अभयारण्य में चार माह तक रहेगी खामोशी, अक्टूबर में फिर खुलेंगे द्वार

– मानसून काल का उपयोग संरक्षित क्षेत्र की मरम्मत व सफारी ट्रैक का होगा सुधार

रायपुर, (संवाद साधना) ।  पर्यटकों के लिए बलौदाबाजार स्थित  बारनवापारा अभयारण्य चार माह के लिए बंद रहेंगे। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मानसून अवधि में वन्यजीवों की सुरक्षा व प्रबंधन के लिए निर्णय लिया गया है। प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध बारनवापारा अभयारण्य आगामी पर्यटक सीजन में 10 अक्टूबर 2025 से पर्यटकों के लिए फिर से खोला जाएगा। वनमंडल अधिकारी गणवीर धम्मशील ने जानकारी दी कि इस मानसून काल का उपयोग संरक्षित क्षेत्र की मरम्मत, सफारी ट्रैक के सुधार और पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार सफारी संचालन में स्थानीय बेरोजग़ार युवाओं को जोड़ते हुए उन्हें ऋण सहायता के माध्यम से सफारी वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

यहां 50 से अधिक पक्षी प्रजातियां देखने को मिलती हैं
बारनवापारा अभयारण्य में लेपर्ड सफारी अब भी पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। यहां पर दुर्लभ प्रजाति के तेंदुए के साथ-साथ गौर, भालू, चीतल और 150 से अधिक पक्षी प्रजातियां देखने को मिलती हैं, जो इसे जैव विविधता प्रेमियों के लिए एक स्वर्ग बनाती हैं। अभयारण्य प्रबंधन ने पर्यटकों से अनुरोध किया है कि वे वन्यजीवों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस बंद अवधि का सम्मान करें और अक्टूबर से फिर एक बार सजे-धजे बारनवापारा के अनुभव के लिए तैयार रहें।

Latest Posts

Don't Miss