रायपुर, (संवाद साधना ) । बस्तर जिले के चिमड़ीपल्ली और टायदा रेलवे स्टेशनों के बीच बुधवार दोपहर 1:05 बजे बड़ा रेल हादसा हो गया। केके (किरंदुल-कोत्तावालसा) रेल लाइन के घाट सेक्शन चिमड़ीपल्लीके समीप किरंदुल से लौह अयस्क लेकर विशाखापट्नम जा रही मालगाड़ी के 37 डिब्बे रेल सुरंग के भीतर पटरी से उतर गए। इस हादसे में दर्जनों डिब्बों के पूरी तरह नष्ट हो जाने की आशंका है, जिससे रेलवे को करोड़ों रुपए के नुकसान के संकेत मिले हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह रेल सेक्शन खतरनाक ब्रॉडगेज लाइनों में से एक है, जो सर्पाकार अंतागिरी पर्वत शृंखला से होकर गुजरती है। इस क्षेत्र की जटिल भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यह ट्रैक पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। इसकी वजह से रेल सेवाएं काफी प्रभावित हुई है, विशाखापत्तनम-किरंदुल नाईट एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग रायगढ़ा होकर चलाया जा रहा है। कई पैसेंजर और मालगाडिय़ां रद्द कर दी गई हैं, आने-जाने वाले यात्री काफी प्रभावित हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही विशाखापत्तनम रेल मंडल के डीआरएम, एडीआरएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे ने तुरंत एक्शन लेते हुए 5 एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेनें, मानसून रिलीफ ट्रेन और भारी क्रेनों को घटनास्थल पर भेजा। हालांकि शाम 5 बजे तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका था। विशाखापत्तनम रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संदीप ने बताया कि प्रभावित खंड कोरापुट-कोट्टवालसा सेक्शन में यह हादसा किमी नंबर 53/34 पर हुआ है। वाल्टेयर डिवीजन और ईस्ट कोस्ट रेलवे के रेलवे अधिकारियों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी, राहत और बहाली कार्यों के लिए कर्मियों और संसाधनों को साइट पर तैनात किया। ये प्रयास डिवीजनल रेलवे मैनेजर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की प्रत्यक्ष देखरेख में युद्ध स्तर पर चल रहे हैं। जिसके चलते कोचिंग ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है।
ये ट्रेनें होगी रद्द
विशाखापत्तनम रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के संदीप के अनुसार 28 मई बुधवार को किरंदुल से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 18516 किरंदुल – विशाखापत्तनम नाइट एक्सप्रेस परिवर्तित रेल लाइन कोरापुट, रायगडा, विजयनगरम होकर विशाखापटनम के लिए रवाना की गई है, जबकि 29 मई गुरुवार को विशाखापत्तनम से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 58501 विशाखापत्तनम-किरंदुल पैसेंजर रद्द रहेगी। 29 मई को किरंदुल से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 58502 किरंदुल – विशाखापत्तनम पैसेंजर भी रद्द रहेगी। इसी तरह 28 मई बुधवार को विशाखापत्तनम से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 18515 विशाखापत्तनम-किरंदुल एक्सप्रेस ट्रेन विशाखापत्तनम में रद्द की गई है। उन्होंने इस घटना के बाद यात्री ट्रेनो का संचालन रद्द होने से खेद व्यक्त किया है।



