रायपुर। गर्मी के मौसम में यातायात ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सेहत का ध्यान रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के आदेश पर एक विशेष पहल की गई। शुक्रवार को, सिविल लाइंस स्थित पुलिस कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात, डॉ. प्रशांत शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक यातायात सतीश ठाकुर और गुरजीत सिंह की उपस्थिति में यातायात जवानों को पानी की बोतल, इलेक्ट्रॉल पाउडर और छतरी वितरित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी जवानों को निर्देश दिया कि वे हमेशा अपने पास पर्याप्त पानी और इलेक्ट्रॉल पाउडर रखें, ताकि वे डिहाईड्रेशन से बच सकें। इसके साथ ही, उन्होंने चौक चौराहों पर धूप से बचने के लिए छतरी का इस्तेमाल करने की सलाह दी। इस पहल के माध्यम से पुलिस महकमे ने गर्मी के प्रभाव से बचाव और जवानों की सेहत की सुरक्षा को सुनिश्चित करने का प्रयास किया।