रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी मूलत: मध्यप्रदेश के निवासी हैं और रायपुर में वॉटर प्यूरिफायर रिपेयरिंग का कार्य करते हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है, जिसकी कीमत लगभग 25,000 बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता निखिल नायडु (उम्र 25 वर्ष), निवासी शिवानंद नगर सेक्टर-03 खमतराई, ने प्राथमिक सूचना दर्ज कराई कि 6 अप्रैल की रात लगभग 10 : 30 बजे उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल होंडा एसपी 125 को घर के पास खड़ा किया था। अगली सुबह देखने पर वह गाड़ी वहां से गायब थी। पीडि़त के आधार पर शिकायत पर अज्ञात चोर के विरुद्ध बीएनएस की धारा 303(2) तहत मामला दर्ज कर लिया गया है
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खमतराई ओवरब्रिज के पास दो व्यक्ति एक लाल-काली होंडा एसपी 125 बाइक बेचने की फिराक में हैं। दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, लेकिन वे गाड़ी के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। जब वाहन का नंबर पूछा गया, तो उन्होंने सीजी 04 पी वी 2263 होना स्वीकार किया और बताया कि उक्त मोटरसाइकिल को शिवानंद नगर से चोरी कर अपने किराए के मकान में छिपाकर रखा है। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों संदीप बिसेन और मयूर टेमरे वर्तमान में गुढिय़ारी निवासी थे । आरोपी के कब्जे से बाइक को जब्त कर लिया और दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।



