Latest Posts

बिरगांव को जल्द मिलेगा नया फायर स्टेशन, लेकिन राजधानी अब भी आग से असुरक्षित


रायपुर। राजधानी से सटे बिरगांव नगर निगम में आखिरकार आठ साल बाद नया फायर स्टेशन बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उरला-सिलतरा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार बढ़ती अग्निकांड की घटनाओं के बीच यह स्टेशन सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगभग 8.72 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह अत्याधुनिक फायर स्टेशन 20 हजार वर्गफीट क्षेत्र में तैयार किया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य पीडब्लूडी विभाग द्वारा कराया जा रहा है।
बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में 800 से अधिक स्टील, आयरन और रोलिंग फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं, जहां अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है। लंबे समय से स्थानीय लोगों और उद्योगपतियों द्वारा फायर स्टेशन की मांग की जा रही थी, जिसे अब जाकर अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
राजधानी में आग से लड़ाई, पर हथियार कमजोर!
जहां एक ओर बिरगांव में नया स्टेशन बन रहा है, वहीं राजधानी रायपुर की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं के बावजूद शहर में सिर्फ एक फायर स्टेशन टिकरापारा में है, और केवल 20 फायर ब्रिगेड गाडिय़ां ही उपलब्ध हैं। यह संख्या राजधानी के लगभग 30 किलोमीटर क्षेत्र को देखते हुए बेहद कम है। हाल ही में ट्रांसफार्मर गोदाम, फर्नीचर फैक्ट्री और फोम फैक्ट्री में लगी आग की घटनाओं में, फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों पहुंचने तक करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
करोड़ों की गाडिय़ां खरीदी गईं, पर अब भी खड़ी!
सरकार द्वारा 18 नई फायर ब्रिगेड गाडिय़ां खरीदी गई हैं, जिन पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं, लेकिन अब तक उनका आवंटन नहीं हुआ है। ये गाडिय़ां नया रायपुर के कार्यालय में पिछले एक महीने से अधिक समय से खड़ी हैं क्योंकि उन्हें चलाने के लिए पर्याप्त कर्मचारी ही उपलब्ध नहीं हैं।
कर्मचारियों की भारी कमी
वर्तमान में रायपुर नगर निगम क्षेत्र में केवल 73 कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि प्रतिदिन 240 कर्मचारियों की आवश्यकता है। एक फायर ब्रिगेड गाड़ी को चलाने के लिए प्रत्येक शिफ्ट में 4 से 6 कर्मचारियों की जरूरत होती है। आठ घंटे की तीन शिफ्टों के अनुसार एक दिन में पर्याप्त स्टाफिंग बेहद जरूरी है, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण फायर सेफ्टी की व्यवस्था सिर्फ कागज़ों तक सीमित रह गई है।

उरला-सिलतरा औद्योगिक क्षेत्रों में फायर स्टेशन निर्माण का कार्य शुरू हो गया है, जिसका निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी द्वारा किया जाएगा। यह फायर स्टेशन 20 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बनाया जा रहा है।
पुष्पराज सिंह, जिला कमांडेंट एवं अग्निशमन अधिकारी, रायपुर।

Latest Posts

Don't Miss