10वीं बोर्ड में जिले के चार विद्यार्थियों ने टॉप-10 में बनाई जगह
महासमुंद। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने आज कक्षा 10वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित किया। जिले की महक अग्रवाल ने कक्षा 12 वीं बोर्ड परीक्षा में छत्तीसगढ़ राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। महक इवास वुडलैंड इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल सरायपाली की छात्रा हैं। वहीं 10वीं बोर्ड परीक्षा में जिले के चार विद्यार्थियों ने टॉप-10 में अपनी जगह बनाई है। शिक्षा विभाग के अनुसार जिले में कक्षा दसवीं का 84.17 फीसदी और 12 वीं का परीक्षा परिणाम 91.61 फीसदी रहा।
बता दें कि 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के लगभग 45 दिन बाद आज छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम एक साथ जारी किया। बताया जाता है कि यह पहली बार है जब मंडल ने दोनों बोर्ड कक्षाओं के परीक्षा परिणाम एक साथ घोषित किया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव रेणु पिल्ले ने परीक्षा परिणाम घोषित किया। जिसमें सरायपाली की महक अग्रवाल पिता नवीन अग्रवाल माता पूजा अग्रवाल ने 97.40 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में कक्षा 12 वीं की बोर्ड परीक्षा में टाप पर अपना स्थान बनाया। महक ने कुल 500 अंकों में 487 अंक प्राप्त किया। महक के राज्य में टाप करने की खबर के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।
दसवीं में 4 ने बनाई टॉप टेन में जगह
कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम के अनुसार जिले के चार विद्यार्थियों ने टॉप टेन में जगह बनाई है, इनमें 7वें स्थान पर स्वामी आत्मानंद इग्लिश मीडियम स्कूल नयापारा महासमुंद की छात्रा प्रेरणा साहू ने 600 अंकों में 586 अंक (97.67 प्रतिशत) हासिल की है। इसी तरह शासकीय हाईस्कूल तोरेसिंहा की छात्रा रिया साहू ने 584 अंक (97.33 प्रतिशत) हासिल कर नवां स्थान प्राप्त किया। एकलव्य इंग्लिश हाईस्कूल की दिशा प्रधान ने भी 584 अंक (97.33 प्रतिशत) हासिल कर नवां स्थान प्राप्त किया है। टॉप टेन की सूची में दसवें स्थान पर शासकीय हाईस्कूल छिबर्रा के छात्र तेजस नायक ने 583 अंक (97.17 प्रतिशत) हासिल कर दसवां स्थान प्राप्त किया है।
24 हजार से अधिक ने दी थी परीक्षा
मालूम हो कि इस बार छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वी व 12वीं की बोर्ड परीक्षा में जिले के कुल 24 हजार 700 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इस बार कक्षा 12वीं बोर्ड की परीक्षा एक मार्च से शुरू होकर 23 मार्च को खत्म हुई। जिसमें 10 हजार 463 पंजीकृत थे। इसी प्रकार 10वीं बोर्ड की परीक्षा 2 मार्च से प्रारंभ होकर 21 मार्च तक चली। जिसमें 14 हजार 237 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। बोर्ड द्वारा आयोजित यह परीक्षा जिले के कुल 114 परीक्षा केन्द्रों में सम्पन्न हुई।



