ग्राम सपोस में जमीन के पुराने विवाद को लेकर मारपीट
महासमुंद। सांकरा थाने के ग्राम सपोस में जमीन के पुराने विवाद को लेकर नाती के साथ हो रही मारपीट में बीच बचाव करने गए वृद्ध की छह लोगों ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 147, 302 का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार राठौर ने बताया कि मंगलवार को मोतीराम ध्रुव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि छोटे भाई शंकर ध्रुव के साथ गांव के ही मनोहर धृतलहरे कोठार जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। सोमवार रात अजय ध्रुव के साथ मनोहर धृतलहरे (40) उसका भाई हेतराम धृतलहरे (34), देवराज धृतलहरे (22), उसका लड़का करन धृतलहरे (19), चंद्रप्रकाश पटेला (18), और चेरीडीपा सावित्रीपुर निवासी सुनील अनंत (19) पुराने विवाद को लेकर मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान अजय ध्रुव के दादा बीच बचाव करने पहुंचे जहाँ हेतराम, मनोहर, करन, देवराज, सुनील, चंद्रप्रकाश ने एक राय होकर लोहे के रॉड से शंकर के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर गिराकर हेतराम शंकर के सीने व गर्दन पर रॉड से लगातार वार कर रहा था। इसी बीच हीराबाई ध्रुव भी बीच बचाव करने गई तो उससे भी गाली गलौज करते हुए मारपीट की। मारपीट से हीराबाई के दाहिने हाथ में चोट आई है। इस मारपीट मे आई चोट के कारण शंकर ध्रुव की मौत हो गई। पुलिस ने बयाया कि शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शादी में मड़वा नाचने के दौरान विवाद के बाद हथियार से हत्या
महासमुंद। भांजी की शादी में पहुंचे युवक की अज्ञात ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार महासमुंद के ग्राम कोना निवासी रोहित खड़िया (32) भांजी की शादी में भीमखोज आया था। बीती रात शादी में मड़वा नाचने के दौरान रोहित का कुछ युवकों से कहासुनी हो गई विवाद इतना बढ़ा कि उनमें से एक युवक ने धारदार हथियार से रोहित पर वार कर दिया। घायल रोहित को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बागबाहरा पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर लिखे जाने तक सूचना पर खल्लारी पुलिस मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।



