
कटघोरा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यक्रम योजना प्रभारी व किसान मोर्चा के प्रदेश सदस्य राजेश यादव ने कटघोरा में किसान मेला में किसानों का स्टॉल नहीं लगने से नाराजगी जाहिर करते हुए मेला का बहिष्कार करने की घोषणा की है। यादव ने बताया कि पूर्व में कटघोरा किसान मेला भव्य रूप से मनाया जाता रहा है। पोस्ट ऑफिस की बाउंड्रीवॉल से लेकर भारत माता मंदिर तक किसानों के स्टॉल के लिए जगह आरक्षित रहती थी और किसानों से संबंधित विविध स्टॉल लगता था, जिसमें कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, रेशम विभाग, पशुधन, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन द्वारा प्रदर्शनी लगायी जाती रही है, जिससे किसानों को लाभ मिलता था। किंतु अब किसान मेला नाम मात्र का रह गया है। भाजपा नेता यादव ने कहा कि किसान मेला नगरपालिका परिषद कटघोरा के लिए अब सिर्फ धन उपार्जन का केंद्र बन कर रह गया है। किसानों के लिए आरक्षित प्रदर्शनी स्थान को नगर पालिका परिषद ने व्यापारियों को आवंटित कर दिया है , जो किसानों के लिए छलावा है।किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अशोक तिवारी ने कहा कि नगर पालिका परिषद किसानों की भावनाओं के साथ खेल रहा है तथा केवल टैक्स वसूलने का काम कर रहा है। किसान हित को दरकिनार किया जा रहा है। एक भी किसानों को उद्घाटन समारोह में नहीं बुलाया जाता। किसान मेला का उद्घाटन किसी किसान से करवाना चाहिए। इस मेला में किसानों के बैठने -उठने तक की व्यवस्था नहीं रहती। मेला आयोजकों की अव्यवस्था से मैं काफी दुखी हूं।



