चौराहों के सिग्नल चालू, मुस्तैद दिखे यातायात के जवान
महासमुंद। एक सप्ताह के अंदर जिले में सड़क दुर्घटनाओं में आठ जानें जाने के बाद पुलिस, नगर पालिका और प्रशासन की नींद टूटी और अब सड़क दुर्घटना रोकने ेकवायद की जा रही है। आज शहर के तीनों चौराहों के सिग्नल चालू रहे। इन चौकों पर यातायात के जवान यातायात नियंत्रण के लिए मुस्तैद दिखाई दिए साथ ही पालिका भी सड़क पर व्यवसाय करने वालों को आखिरी चेतावनी दे रही है।
शुक्रवार दोपहर तुमगांव मार्ग में ग्राम परसदा के पास गाड़ाघाट से पिकनिक मनाकर लौट रहे दो बाइक सवार युवक विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से भिड़ गए जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। बेमचा निवासी रामेश्वर (19) और धनेश्वर निर्मलकर (23) गांव के दो अन्य युवकों के साथ दो अलग-अलग बाइक से पिकनिक मनाने गाड़ाघाट गए थे, जो दोपहर में वापस लौट रहे थे। ग्राम परसदा स्थित राईस मिल के पास पहुंचे थे तभी सामने की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीजेड 6539 से भिड़ गए। जिससे एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया वहीं दूसरे को संजीवनी 108 से महासमुंद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं पटेवा थाना क्षेत्र में बाइक और ट्रैक्टर की भिंड़त में बावनकेरा निवासी शकील खान की मौत हो गई और दो घायल हो गए।
छह दिन में आठ की मौत
इससे पहले बीते छह दिनों में वाहन दुर्घटना से यह आठवीं मौत है। सबसे पहले रविवार को सरायपाली में बोलेरो की ठोकर से सारगढ़ निवासी दो युवकों की मौत हो गई। दूसरे दिन सोमवार को हार्वेस्टर में दबने से बड़े ढाबा निवासी 26 वर्षीय ताराचंद बारिक की मौत हो गई। बुधवार को जिला मुख्यालय के नेहरू चौक में एक ट्रक की ठोकर से दंपति की मौत हो गई। बाद सड़क दुर्घटना रोकने पुलिस विभाग और प्रशासन जागा और अब दुर्घटना रोकने कवायद की जा रही है। शुक्रवार को नेहरू चौक का ट्रैफिक सिग्नल चालू हो गया। पुलिस द्वारा नेहरू चौक और बरोंडा चौक पर क्रांसिंग लाईन बनाई गई। आज अंबेडकर चौक, नेहरू चौक और बरोंडा चौक पर यातायात के जवान ड्यूटी करते नजर आ रहे हैं।
आज समझाईश, इसके बाद कार्रवाई
नेहरू चौक में हुई दुर्घटना के बाद से जनता में आक्रोश है। चेम्बर आॅफ कॉर्मस सहित बायपास निर्माण संर्घष समिति ने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने कलेक्टर- एसपी से मुलाकात की। इधर, व्यवस्था सुधार की कड़ी में पालिका की टीम भी बरोंडा चौक से अंबेडकर चौक तक फुटपाथ पर व्यवसाय कर रहे व्यवसायियों को समझाइश देने निकली। सीएमओ टामसन रात्रे ने बताया कि फुटपाथ पर व्यवसाय करने और अन्य व्यापारियों द्वारा सड़क तक दुकान लगाने के कारण राहगीरों को परेशानी होती है और सड़क दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है, इसलिए पालिका की टीम आज उन्हें समझाइश देने निकली है। बाद उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में सात ब्लेक स्पॉट
बता दें कि जिले में साथ स्थानों को सड़क दुर्घटनाजन्य क्षेत्र (ब्लेक स्पॉट) माना गया है। पटेवा थाना क्षेत्र में छिलपावन चौक से बस स्टैंड झलप, बसना का बिटांगीपाली कॉलेज से पेट्रोल पंप तक, न्यू गिल ढाबा से साल्हेतराई स्कूल तक, खल्लारी थाने का पचेड़ा और बागबाहरा थाना अंतर्गत खोपली पड़ाव, डामर प्लांट से मौलीमुड़ा मोड़ तक व बस स्टेंड से गुरूद्वारा तक चिन्हाकिंत है। यहाँ 2020 से 2022 तक 43 सड़क दुर्घटना हो चुकी है और 43 मौतें हुई है।



