कोरबा ….. दंतैल ने खड़गवां में शुक्रवार को ग्राम मांगेरा के एक ग्रामीण को कुचलकर मार डाला था। जानकारी के अनुसार ग्रामीण मतदान करने के लिए निकला था। इसी दौरान भीड़ देखकर रुक गया। हाथी जब भीड़ की ओर दौड़ा तो वह भाग नहीं पाया। वन अमले ने हाथी को खदेड़ा तो वह हसदेव नदी पार कर पसान रेंज पहुंच गया है। इससे ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गयी हैं। ग्रामीण अभी धान की कटाई में जुटे हुए हैं। खेत जंगल के बीच में होने की वजह से दिन में काफी चहल-पहल रहती है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने के लिए मुनादी कराई है।
रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि ग्रामीणों को सतर्क करने के साथ ही निगरानी के लिए अलग से टीम लगाई गई है। सबसे अधिक खतरा इसी हाथी से रहता है। कोरबी सर्किल में घूम रहे हाथी अभी शांत है। धान की फसल को जरूर नुकसान पहुंचा रहे हैं। एक दंतैल हाथी सलिहा पहरी क्षेत्र में घूम रहा हैं। यहां भी ग्रामीणों को सतर्क किया गया है।




