भाकपा प्रत्याशी सुनील को जनसंपर्क अभियान के तहत संपर्क के दौरान श्रमिक वर्ग से भी मिल रहा वृहद समर्थन
कोरबा | कोरबा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी सुनील सिंह का जनसंपर्क अभियान जोर-शोर से चल रहा है। वे पार्टी कार्यकर्ताओं, सर्वहारा श्रमिक वर्ग और कोरबा क्षेत्र की प्रबुद्ध जनता को साथ लेकर प्रचार रूपी यह चुनावी अभियान सफलतापूर्वक चला रहे हैं।
भाकपा प्रत्याशी सुनील सिंह श्रमिक नेता होने के साथ-साथ एक सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं इसलिए उनकी पहचान श्रमिकों के अलावा आम जनमानस के बीच भी अच्छी खासी है। संभवतः यही कारण है कि विधानसभा क्षेत्र में निवासरत बहुसंख्य श्रमिकवर्ग ने उन्हें अपना निकटतम सहकर्मी मानते हुए अपने समर्थन का इजहार कर दिया है। इसी तरह सुनील सिंह को विधानसभा क्षेत्र के बालकोनगर, परसाभाठा, लालघाट, सोनपुर, पथर्रीपारा, मुड़ापार और बुधवारी बस्ती में निवासरत श्रमिकों और आमजनता से पुरजोर समर्थन प्राप्त हो रहा है।
इसी क्रम में, आज वार्ड क्रमांक 36 बालकोनगर में आयोजित चुनावी बैठक में उपस्थित सैकड़ों महिलाओं ने मुखर स्वर में अपने क्षेत्र में व्याप्त समस्याएं गिनाते हुए कहा कि प्रदेश और नगर पालिक निगम में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद क्षेत्रीय समस्याओं का सरलतम ढ़ंग से निराकृत नहीं होना आश्चर्यजनक है। केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार भी कांग्रेस के कार्यपद्धति से अलहदा नहीं है। दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
बैठक में उपस्थित वार्ड नंबर 36 की महिलाओं ने कोरबा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी सुनील सिंह पर
विश्वास जताते हुए अपना समर्थन देने की बात कही है। आयोजित इस चुनावी बैठक में राज्य एटक के महासचिव हरिनाथ सिंह, सचिव एम.एल. रजक, एल्युमिनियम एम्पलाईज यूनियन के अध्यक्ष एस.के. सिंह एवं महिला लीडर विजय लक्ष्मी चौहान उपस्थित थे।
इसी तरह, भाकपा प्रत्याशी सुनील सिंह ने बुधवारी बस्ती में किए गए जनसंपर्क यात्रा के दौरान लोगों से मुलाकात कर पार्टी और इससे संबद्ध श्रमिक यूनियन द्वारा कोरबा औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों के हितार्थ किए गए कार्यों से अवगत कराते हुए 17 नवंबर को होने वाले चुनाव में अपने पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।
इस दौरान बुधवारी क्षेत्र में निवासरत लोगों ने यहां व्याप्त समस्याओं का जिक्र करते हुए सड़क, बिजली और पानी की समस्या से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा विकास कार्यों का सिर्फ आश्वासन भर देती है, करती कुछ भी नहीं। इस बार के कोरबा विधानसभा चुनावी परिणाम में परिवर्तन की बात करते हुए उन्होंने भाकपा प्रत्याशी सुनील सिंह को अपना चुनावी समर्थन देने की बात कही। इस मौके पर उनके साथ पवन कुमार वर्मा, राममूर्ति दुबे, कलेश राम चौहान, मनीष नाग, अवधेश वर्मा, परितोष, रामशंकर गुप्ता सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।