Latest Posts

पक्का मकान, रोजगार, शिक्षा व अच्छा स्वास्थ्य न दे सकी, कांग्रेस सरकार ने केवल जेबें भरीं : सरमा

भाजपा को जीताकर प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने भाजपा नेताओं ने की अपील

महासमुंद। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पिछले पांच सालों में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार जनता को न तो पक्का मकान दे सकी, युवक-युवतियों को न रोजगार, न अच्छी शिक्षा, न अच्छा स्वास्थ्य और न ही प्रदेश में मूलभूत परिवर्तन कर सकी ,यहाँ की सरकार ने केवल और केवल भ्रष्टाचार किया है और अपनी जेबें भरी है। इसलिए इस बार छत्तीसगढ़ में भाजपा को जीताकर प्रदेश के विकास में अपना योगदान देना है। इसके लिए यहाँ चारों विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में सभी प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताने का संकल्प लेना होगा। श्री सरमा आज यहां हाईस्कूल मैदान में आमसभा को संबोधित कर रहे थे।
वे महासमुंद विधानसभा के प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा, खल्लारी की प्रत्याशी श्रीमती अलका चंद्राकर, बसना प्रत्याशी डॉ संपत अग्रवाल और सरायपाली विधानसभा प्रत्याशी श्रीमती सरला कोसरिया की नामांकन रैली में शामिल होने पहुंचे थे। अपने 20 मिनट के उद्बोधन में उन्होंने जहां एक ओर केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की योजनाओं का बखान किया वहीं राज्य की भूपेश सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि 17 नवंबर को प्रदेश के दूसरे चरण के लिए चारों विधानसभा में मतदान होना है। मतदान से पहले आपको यह सोचना है कि प्रदेश की भूपेश सरकार ने अपने पांच साल में आपको क्या दिया है। राज्य की सरकार छत्तीसगढ़ की जनता को न तो पक्का मकान दे सकी, न युवक, युवतियों को रोजगार, न अच्छी शिक्षा, न अच्छा स्वास्थ्य और न ही प्रदेश में मूलभूत परिवर्तन कर सकी, यहाँ की सरकार ने केवल और केवल भष्टाचार किया है और अपनी जेबें भरी है। चाहे वह शराब घोटाला हो या कोयला घोटाला या गोबर घोटाला। प्रदेश के मुख्यमंत्री कहते हैं कि हम किसानों का समर्थन मूल्य पर धान खरीद रहे हैं जबकि सच यह है कि किसानों के धान का समर्थन मूल्य की 80 प्रतिशत की राशि केंद्र सरकार देती है। राज्य सरकार तो मात्र 600 रुपए ही दे रही है और जनता को झूठ बोलकर उसे गुमराह कर रही है। केंद्र सरकार किसानों के लिए खाद, यूरिया भेजती है पर यहां के किसानों को समय पर खाद और यूरिया के लिए मोहताज होना पड़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते थे कि छत्तीसगढ़Þ के हर गरीब को पक्का मकान मिले। उन्होंने 16 लाख पक्का मकान बनाने के लिए राशि भेजी पर यहां की सरकार ने गरीबों का हक मारते हुए मकान नहीं बनवाए। प्रधानमंत्री के इस सपने को मैंने असम में पूरा कर दिखाया। हमने यहां 15 लाख पक्का मकान महज दो सालों में तैयार कर गरीबों को मकान की चाबी सौंपी। असम चुनाव के दौरान हमने एक लाख लोगों को रोजगार देने की बात कही और दो साल में 90 हजार युवक-युवतियों को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बेरोजगारी भत्ता देने की बात कहते हैं, मैं सभा स्थल में बैठे युवक-युवतियों से पूछना चाहता हूं कि उन्हें बेरोजगारी भत्ता चाहिए या सरकारी नौकरी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बताएं कि उन्होंने इन पांच सालों ने कितने बेरोजगारों को सरकारी नौकरी दी है। जो भी सरकारी नौकरी मिली उनके परिचितों को ही मिली है। हमारी सरकार असम में माताओं-बहनों को 1250 रुपए हर माह दे रही है। मध्यप्रदेश में भी लाडली योजना के तहत महिलाओं को हर माह राशि उपलब्ध हो रही है पर यहां शराब की दुकानों से लाखों रुपए लूटे जा रहे हैं पर प्रदेश की महिलाओं के लिए कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भगवान श्री राम का ननिहाल है आज आजादी के 75 साल हो चुके हैं पर इन सालों में राम मंदिर निर्माण के लिए कांग्रेस ने कोई प्रयास नहीं किया उनके नेता चुनाव के समय मंदिर जाते हैं पर मुझे कोई यह बताए कि आज तक अयोध्या के श्रीरामलला मंदिर में उनके नेता क्यों नहीं गए।
बाक्स
कर्जामाफी नहीं, किसानों को बनाना होगा समृद्ध
असम के मुख्यमंत्री श्री बिस्वा सरमा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार कहती है कि हमने किसानों का कर्ज माफ किया है, लेकिन मैं कहता हूं कि किसानों को कर्ज ही क्यों लेना पड़ता है? उन्हें  इतना समृद्ध बनाना होगा कि उन्हें कर्ज लेना ही न पड़े। किसानों के बच्चों को रोजगार मिले, उन्हें उचित शिक्षा मिले जिससे वे समृद्ध बनें तो किसान  खुद ही समृद्ध हो जाएंगे। 17 नवंबर को दूसरे चरण के लिए महासमुंद जिले की चारों विधानसभा सीट के लिए मतदान होना है। मेरी अपील है कि यहां की जनता भाजपा के प्रत्याशियों को अपना समर्थन दें जिससे छत्तीसगढ़ में इस बार भाजपा की सरकार बनें  और केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार देश और छत्तीसगढ़ के विकास को गति दे सकें।
नामांकन दाखिल करने चारों प्रत्याशी
हाईस्कूल मैदान से नामांकन रैली कलेक्टोरेट के लिए रवाना हुई। रैली में एक वाहन में भाजपा के चारों प्रत्याशी मौजूद थे। रैली से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर सांसद चुन्नीलाल साहू, जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, पूर्व विधायक पूनम चंद्राकर, डॉ विमल चोपड़ा व जिले के चारों भाजपा प्रत्याशी ने भी सभा को संबोधित कर समर्थन मांगा। इस दौरान जिले के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में जनता मौजूद रही।

Latest Posts

Don't Miss