
महासमुंद (संवाद साधन)। रायपुर जिले के मंदिर हसौद में छग को शर्मसार करने देने वाली घटना पर कांग्रेस नेत्री और नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने पीड़िताओं पर संवेदना जताते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पीड़िता और उनके परिवार के साथ हैं और उनकी पूरी सहानभूति है। मामले में उन्होंने भाजपा और शीर्ष नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कि भाजपा दुष्कर्म और जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले नेताओं को सरंक्षण देने वाली पार्टी है।श्रीमती महिलांग ने कहा छग में भाजपा नेता के पुत्र पिता के राजनीतिक ओहदे की आड़ में घृणित अपराध को खुलेआम अंजाम दे रहे हैं। मंदिर हसौद की घटना उन्ही भाजपा नेताओं से मिली खुली छूट का नतीजा है जिसकी वजह से एक नाबालिग और एक युवती को गैंगरेप जैसी जघन्य घटना का शिकार होना पड़ा। उन्होंने कहा घटना में शामिल दस आरोपियों में मुख्य आरोपी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष का पुत्र है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी पर पहले ही कई तरह के अपराध के तहत जुर्म दर्ज हैं।
जिसके बाद पार्टी ने ऐसे नेता को पार्टी से निकाल बाहर करने की बजाए उन्हें पार्टी में न सिर्फ बकायदा पद देकर रखा हुआ है। जिसका फायदा उनके पुत्र के द्वारा उठाया जा रहा है। करीब एक वर्ष पूर्व छग में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के पुत्र पर भी एक युवती ने सालों तक शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए आरोपी पुत्र के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई हैं लेकिन पिता के राजनीतिक ओहदे के चलते मामले में आज तक कार्रवाई लंबित है।घटना की जानकारी के बाद भी पार्टी ने उन्हें पद से नहीं हटाया है जिससे साबित हो गया है भाजपा घृणित अपराध को अंजाम देने वाले नेताओं की पार्टी है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि छग को अपराध का गढ़ बनाने में सबसे बड़ा हाथ भाजपा और उनके नेताओं का है और अपनी कालिक को कांग्रेस पर पोतने का काम भाजपा के नेता कर रहे हैं। मणिपुर की घटना पर देश में संवेदनशील कहे जाने वाले प्रधानमंत्री मोदी जी चुप्पी साधे रहे। श्रीमती महिलांग ने कहा कि अब देखना है कि इस घटना के बाद भाजपा के शीर्ष नेता मामले में संज्ञान लेते हुए क्या कोई कठोर कदम उठाते है या फिर चंदेल के पुत्र के मामले की तरह भी इस मामले में चुप्पी साधे बैठें रहेंगे।



