0 शहर से लेकर गांव तक बिजली व्यवस्था चरमराई

कोरबा, जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था ने उपभोक्ताओं को अभी रोने पर मजबूर कर दिया है। बार-बार बिजली कट हो रही है। शहर से लेकर गांव तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है। लगभग हर इलाके में रोजाना 8 से 10 बार ट्रिपिंग से बिजली गुल हो रही है। वहीं बिजली विभाग के अधिकारी ओवरलोड की वजह से ट्रिपिंग होने की बात कहते हैं तो कभी आंधी-बारिश को कारण बता रहे हैं। आलम यह है कि हर दो घंटे पर ट्रिपिंग हो रही है। इससे लोग काफी परेशान हैं, जबकि मेंटेनेंस के नाम पर बिजली विभाग जून महीने की भरी गर्मी में 5 से 6 घंटा तक बिजली कटौती करता रहा है।
उमस भरी गर्मी में बिजली विभाग के अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हो गए हैं। इसकी जानकारी भी विभागीय अफसर स्पष्ट नहीं देते हैं। बिजली कब आएगी पूछने के लिए फोन लगाने पर जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी मोबाइल बंद कर देते हैं या फिर मोबाइल ही रिसीव नहीं करते हैं। सबसे बड़ी समस्या रात्रि के समय होने वाली कटौती से होती है। रात्रि में बिजली बंद होने पर सुधार के लिए डेढ़ से दो घंटे बाद कर्मचारी पहुंचते हैं। बिजली विभाग के अधिकारी पूरी गर्मी में ओवरलोड होने के कारण बिजली बंद होने की बात कहते आए अब मौसम में नमी आने के बाद भी बहानेबाजी की जा रही है।





