
0 गीत, नाटक, प्रहसन और लोक संगीत के माध्यम से लोगों को दे रहे जानकारी
0 ग्रामीण भी योजनाअों के साथ अपनी बोली-भाषा और संस्कृति से हो रहे रुबरु
पाली ब्लॉक में लोक झंकार कला केंद्र रायगढ़ की टीम कर रही प्रचार प्रसार
कोरबा,सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं को सांस्कृतिक दल के कलाकर गांव-गांव तक पहुंचा रहे हैं। उनके द्वारा ग्रामीणों की ही बोली भाषा में गीत, नाटक, प्रहसन और लोक संगीत के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। इस दाैरान ग्रामीण भी हर एक योजनाओं के साथ अपनी बोली-भाषा और संस्कृति से भी रुबरु हो रहे हैं। कलाकारों द्वारा मनोरंजन के साथ विभिन्न योजनाओं के बारे में बताई जा रही है। इस कला दल में महिला कलाकारों की भूमिका भी अहम है जो अपनी नृत्य नाटिका से लोगों को भावविभाेर कर रही हैं। खास बात यह है कि पुराने समय में जो छत्तीसगढ़ी गीत लोग गुनगुनाते थे वह गांव के मंच पर इन कलाकारों से सुन रहे हैं। ये कलाकार पारंपरिक वाद्य यंत्रों का उपयोग कर रहे हैं। कोरबा जिले के पाली ब्लॉक में लोक झंकार कला केंद्र रायगढ़ की टीम छग सरकार की योजनाओं को पहुंच रहे हैं।
छग सरकार की कई लोक हितकारी योजनाएं देश में अपना लोहा मनवा चुकी है। इन्हीं याेजनाओं को हर गांव के हर घर तक पहुंचाने के लिए लोक कलाकारों को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें ऐसे कलाकारों का चयन किया गया है जाे संबंधित एरिया के बोली-भाषा के जानकार हैं। बस्तर, सरगुजा, जशपुर जैसे आदिवासी इलाकों में हल्बी, गोंडी, सरगुजिहा, सादरी, कुडूख जैसी बोलियों में योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। ये कलाकार अपने-अपने तरीके से ड्रामा, जादूगरी, प्रहसन और अन्य कलाओं के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। कोरबा जिले के पाली ब्लाॅक के गांवों में लोक झंकार कला केंद्र रायगढ़ के कलाकार मनोरंजन के साथ योजनाओं को हर गांव तक पहुंचा रहे हैं। इस टीम के कलाकारों को पहले प्रशिक्षित किया गया है और ऐसी बोली भाषा का उपयोग करने की सलाह दी गई है जो आम बोलचाल में हो।
ग्रामीण भी पूछ रहे सवाल
कई गांवों में ग्रामीणों द्वारा कई योजनाओं को लेकर सवाल भी पूछा जा रहा है। मसलन लाभ कैसे मिलेगा, कहां संपर्क करें। ऐसे सवालों का जवाब भी सांस्कृतिक लोककला दल के कलाकार दे रहे हैं। ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ लेना उनका अधिकार है। कई गांवों में पात्र-अपात्र जैसे सवाल भी किया जा रहा है। इसका भी जवाब कलाकारों द्वारा दिया जा रहा है।




