Latest Posts

आबकारी विभाग पर लगे गंभीर आरोप, नाबालिग लड़की को जबरन ले गए

0 कार्यवाही नहीं चाहने का दबावपूर्वक पत्र लिखवाने का भी आरोप

कोरबा,  आबकारी विभाग की टीम पर दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी मोहल्ले में कार्यवाही के दौरान अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत सहायक आयुक्त आबकारी व अन्य अधिकारियों से की गई है।

शिकायतकर्ता लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला अध्यक्ष राजकुमार दुबे ने बताया कि 21 मई को बांकीमोंगरा वृत्त के अंतर्गत आने वाले अयोध्यापुरी मोहल्ले में आबकारी की एक टीम ने जाकर मंडल परिवार के घर गांजा होने के संदेह में दबिश दी। दूसरे के घर के छत से होते हुए उक्त परिवार के छत पर आकर घर में घुसे और दारु-गांजा बेचते हो कहकर सामानों को इधर-उधर फेंककर जांच करने लगे। कोई मादक पदार्थ घर में नहीं मिला तो टीम में शामिल महिला स्टॉफ के द्वारा 2 लाख रुपए महिला सदस्य से मांगे गए और नहीं देने पर महिला व बच्चियों से मारपीट कर दराज में रखे रुपए ले लिए गए। परिवार की नाबालिग बच्ची को जबरदस्ती आबकारी टीम गाड़ी में बिठाकर ले गई। उसकी मां ने दर्री थाना में घटनाक्रम की लिखित शिकायत की। तब जाकर बच्ची को दर्री थाना लाकर परिवार के सुपुर्द किया गया। आरोप है कि इस पूरे मामले में परिवार पर दबाव बनाकर कोई कार्यवाही नहीं चाहते हैं, ऐसा पत्र लिखवा लिया गया है। राजकुमार दुबे ने इसकी जांच कर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्यवाही करने एवं की गई कार्यवाही से अवगत कराने का आग्रह किया है।

Latest Posts

Don't Miss