250 से ज्यादा गौठानों में 2 क्विंटल से ज्यादा गोबर खरीदी प्रतिदिन
महासमुंद। महासमुंद जिले की गोठानों में गोबर खरीदी का कार्य स्वसहायता समूहों द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है। जिले में प्रतिदिन लगभग 700-1000 क्विंटल के बीच गोबर खरीदी का कार्य स्व सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। जिसकी नियमित एंट्री गोधन न्याय योजना के पोर्टल में की जा रही है। प्रतिदिन 300 से ज्यादा गौठानों में स्व सहायता समूहों द्वारा गोबर खरीदी की जा रही है। वर्तमान में 250 से ज्यादा गौठानों में 2 क्विंटल या उससे अधिक की गोबर खरीदी प्रतिदिन हो रही है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस आलोक ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिवों की हड़ताल का कोई खास असर गोबर खरीदी पर नहीं पड़ा है। अब तक जिले में कुल 5 लाख 69 हजार 5 सौ 56 क्विंटल 30 किलो गोबर खरीदी हो चुकी है। कुल 140842.23 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट, 31025.28 क्विंटल सुपर कम्पोस्ट तथा 1533.00 क्विंटल सुपर कम्पोस्ट प्लस का उत्पादन हो चुका है । 153166.14 क्विंटल का विक्रय हो चुका है, जो कि शासन के तय मापदण्ड के अनुरूप है।
उन्होंने कहा कि सभी हड़ताली सचिवों को नोटिस जारी किया गया है। पश्चात इनके स्थान पर कार्यवाहक सचिव की नियुक्ति की जा चुकी है। जिन हड़ताली सचिवों द्वारा शासकीय दस्तावेज कार्यवाहक सचिवों को नहीं सौंपा गया है। उन पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने के लिए संबंधित जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश किए जा चुके हैं। सचिवों की हड़ताल के अवधि में सफलतापूर्वक सामाजिक, आर्थिक सर्वेक्षण का कार्य एवं गौठानों के भौतिक सत्यापन किया जा चुका है।