महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने सूअर पालकों से दो टूक कहा 10 दिन बाद वार्डों में सूअर विचरण करते पाया जाता है तो नगर पालिका अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए तैयार रहेंं।
शहर भर में आवारा घूम रहे सूअरों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी और आने-जाने वाले लोगों पर हमला करने से लोग परेशान हैं। नागरिकों सहित पार्षदों की शिकायत के बाद नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने मंगलवार को अध्यक्ष सभाकक्ष में सूअर पालकों और पार्षदों की बैठक ली। इस दौरान पालिका अध्यक्ष महिलांग ने सूअर पालकों और पार्षदों से कहा कि सूअर द्वारा गली मोहल्ले में गंदगी फैलाई जा रही है। यही नहीं, इन दिनों सूअर रास्ते चल रहे लोगों को काटने के लिए दौड़ा रहे हैं। पार्षदों ने बताया कि, कई दफा ऐसा भी होता है कि विचरण करते हुए सूअर घरों में प्रवेश कर जाते हैं। दूसरी ओर पालकों का कहना है कि फसल लगाने के बाद से चार माह तक सूअरों को एक जगह रखा गया, फसल कटाई के बाद छोड़ा गया। पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि सूअर से सभी वार्डों के लोग परेशान हैं इसका समाधान निकाला जाना चाहिए। बाद नगर पालिका अध्यक्ष महिलांग ने सूअर पालकों को दो टूक शब्दों में कहा कि, 10 दिनों में अपनी व्यवस्था बना लें वरना जनहित को देखते हुए नगर पालिका अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सभापति व उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर, पवन पटेल, महेन्द्र जैन, मनीष शर्मा, हफीज़ कुरैशी, अमन चंद्राकर, मीना वर्मा, शोभना यादव, हेमलता यादव, राजेन्द्र चंद्राकर, जगतराम महानंद, मुन्ना देवार, राहुल चंद्राकर, रिंकू चंद्राकर, एल्डरमैन गुरमीत सिंह चावला सहित पालिका कर्मचारीगण मौजूद थे।