कोरबा, नशा के आदी और गाली-गलौज करने वाले युवक को समझाईश देना प्राचार्य के लिए महंगा पड़ गया। जानकारी के अनुसार विनय कुमार सिंह तंवर दर्री थानांतर्गत स्याहीमुड़ी का निवासी है और शासकीय हाईस्कूल गोपालपुर में प्रभारी प्राचार्य पदस्थ है। 2 दिसंबर को सुबह करीब 9.30 बजे स्कूल जा रहे थे कि रास्ते में रेवा सिंह पिता यशपाल सिंह मिला जिसे विनय कुमार पहचानते हैं। रेवा सिंह नशा करने का आदी है और नशा करके मोहल्ले में गाली-गलौज करता है। प्राचार्य के द्वारा ऐसा करने से कई बार मना किया गया और समझाया भी। इस बात से नाराज रेवा सिंह ने गाली-गलौज करते हुए जान की धमकी देकर अपने हाथ में रखे हंसिया से मारने के लिए दौड़ाया और मारपीट किया। प्रभारी प्राचार्य के पीठ, पैर में चोट आई है। आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया। दर्री पुलिस ने विनय कुमार की रिपोर्ट पर रेवा सिंह के विरुद्ध धारा 294, 323, 506 भादवि के तहत जुर्म दर्ज किया है।



