कोरबा, नवरात्र का उल्लास उत्कर्ष पर आ गया है। सोमवार को सप्तमी पर्व पर मां कालरात्रि की पूजा की गई। मन्नत की ज्योति कलश का दर्शन करने के लिए आस्थावान श्रद्धालुओं की कतार बढ़ने लगी है। देवी मंदिरों में ज्योति कलश के साथ जवारा कलशों की शोभा देखते ही बन रही है। अष्टमी पर्व पर सोमवार को महागौरी की पूजा की जाएगी। मंदिरों में ज्योति कलश दर्शन करने के लिए भक्तों की लगातार भीड़ रही है। ग्रीष्म तेज होने के बाद भी भक्तों में देवी दर्शन के लिए उत्साह देखा जा रहा है। शहर के सर्वमंगला मंदिर में सप्तमी पर्व होने की वजह से अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ रही। सुबह से ही भक्तों की कतार शुरू हो गई थी। शहर के ही कालीबाड़ी मंदिर में देवी मां की प्रतिमा स्थापित की गई है।
ज्योति कलश का दर्शन करने के लिए भक्तों में उल्लास देखा जा रहा है। भवानी मंदिर में सप्तमी पर्व पूरे उल्लास से मनाया गया है। यहां आयोजित चंडीयज्ञ से मंदिर का वातारण देवीमय हो गया है। कोसगाई मंदिर में आस्थावान श्रद्धालुओं ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराया है। मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंच रहे भक्तों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है। चैतुरगढ़ अष्ट भुजी मंदिर में बोए गए जवारा कलश के बीच प्रज्ज्वलित ज्योति कलश की शोभा को देखने के लिए दूरदराज से दर्शनार्थी पहुंच रहे है। मड़वारानी मंदिर में प्रतिदिन आयोजित होने वाली पूजा में हजारों की तादात में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के अलावा उपनगरीय क्षेत्र हरदीबाजार, पाली, मोरगा, चैतमा, करतला, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा, पसान, तुमान, जटगा, दीपका, कटघोरा, जमनीपाली, दर्री, बाल्को सहित जिले भर में नवरात्र पर्व का उल्लास देखा जा रहा है। ऊर्जाधानी में आर्यशक्ति की विशेष आराधना का नौ दिवसीय पर्व नवरात्रि पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। आकर्षक और विशालकाय पंडालों में मां दुर्गा की मंत्रमुग्ध करती विशाल प्रतिमाओं की छटा देखते ही बनती है। देवी मंदिरों सहित पूजा पंडालों में सुबह और शाम की विशेष आरती से सारा वातावरण गूंज उठता है। पूजा पंडाल और मंदिर माता के गीतों से गुंजायमान हो रहे हैं। बच्चों से लेकर बूढ़ों ने यहां पहुंचकर दर्शन लाभ लेने का सिलसिला जारी रखा है। शहर के सीतामणी, पुराना बस स्टैंड, दर्री रोड, रामसागर पारा, बंगाली चाल टीपी नगर, टैगोर उद्यान इन्दिरा विहार, बुधवारी बस्ती, एमपी नगर, आरपी नगर, कोसाबाड़ी, रविशंकर शुक्ल नगर, कालीबाड़ी एसईसीएल, ओल्ड पूजा पंडाल सीएसईबी, मानिकपुर कालोनी, शहीद भगत सिंह कालोनी, रेलवे कालोनी व अन्य स्थानों में मांग दुर्गा की आराधना जोर-शोर से जारी है। इसके अलावा उपनगरीय क्षेत्रों बालको, दर्री, जमनीपाली, छुरी, कटघोरा कुसमुण्डा, हरदीबाजार, दीपका, गेवरा, पाली व अन्य स्थानों सहित ग्रामीण अंचलों में भी मां की भक्ति में लोग सराबोर हैं। जसगीतों और भजन-कीर्तन से क्षेत्र गुंजित हो रहे हैं।
0 पंडालों में विराजीं मां दुर्गा, प्रतिमाओं के खुल पट
पंडालों में विराजमान मां दुर्गा की प्रतिमा का रविवार को सप्तमि के दिन मां कालरात्री का पूजन-अर्चन कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पट खोला गया। इस दौरान पूरा वातावरण मां के जयकारों से गुंज उठा। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति मय माहौल हो गया है हर ओर सिर्फ जय माता दी का जयकारा चलता रहा। पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ रंग-बिरंगे झालर लगाए गए हैं। शहर के सभी चौराहों को रंग-बिरंगी लाइट लगाकर आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सप्तमी के दिन दुर्गा पंडालों सहित देवी मंदिरों में मां के भक्तों की भारी भीड़ लगी रही।
नगर समेत ग्रामीण अंचलों में सैकड़ों जगहों पर रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडाल में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई। शाम को पूजन-अर्चन के बाद पट खोला गया। पहले दिन पूजा समितियों के लोगों ने पंडाल पर भरपूर समय दिया और व्यवस्था को दुरुस्त किया।



