टॉप कैरियर कंसल्टेंसी के जरिए विदेश में एमबीए में एडमिशन और पढ़ाई के बाद नौकरी दिलाने का झांसा देकर 19 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने कंसल्टेंसी संचालक, उसकी पत्नी और पार्टनर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
दुर्ग जिले के भिलाई के स्मृति नगर थाना क्षेत्र में विदेश में एमबीए की पढ़ाई और पढ़ाई के बाद नौकरी दिलाने का झांसा देकर 19 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कंसल्टेंसी संचालक, उसकी पत्नी और पार्टनर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बाद में आरोपियों ने सुमित को कनाडा की नागरिकता और नौकरी दिलाने के साथ विजिटर वीजा के जरिए विदेश भेजने का भी प्रलोभन दिया। सुमित को किर्गिस्तान भेजा गया, लेकिन वहां भी उसे नौकरी नहीं दिलाई गई। इसके बाद वह भारत लौट आया और आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी। रकम वापस करने के लिए आरोपियों ने दो-दो लाख रुपए के तीन चेक दिए। सुमित ने जब चेक बैंक में जमा किए तो तीनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर स्मृति नगर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। दुर्ग ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि गगन गुप्ता अपनी पत्नी स्वाती अग्रवाल गुप्ता और पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा के साथ मिलकर स्मृति नगर में टॉप कैरियर कंसल्टेंसी संचालित करता था। विदेश में पढ़ाई और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



