जांजगीर-चांपा। विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डॉ. भीमराव अम्बेडकर शासकीय महाविद्यालय पामगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। शिविर में करीब 150 छात्र-छात्राओं की सामान्य स्वास्थ्य जांच, नेत्र परीक्षण, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन और बीएमआई की जांच कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
डॉ. भीमराव अम्बेडकर शासकीय महाविद्यालय पामगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. एस. के. यादव के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का स्वस्थ रहना ही उनकी शैक्षणिक सफलता की पहली सीढ़ी है, ऐसे शिविरों से युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। यह शिविर रेड क्रॉस सोसायटी प्रभारी श्रीमती चांदनी छाबड़ा दुआ के नेतृत्व में एवं रेड क्रॉस के सभी एक्टिव वॉलिंटियर्स की सक्रिय प्रतिभागिता से सम्पन्न हुआ।शिविर में लगभग 150 छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की गई, जिसमें सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र परीक्षण, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, बीएमआई सहित अन्य आवश्यक जांचें कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इस शिविर के सफल आयोजन में महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापक डॉ. एस. आर. महेन्द्र, डॉ आशीष तिवारी, डॉ. श्वेता जैन, सुश्री मीरा टंडन, श्रीमती लक्ष्मी गौरी कुजूर एवं समस्त अतिथि व्याख्याता सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से खण्ड चिकित्सा अधिकारी पामगढ़ के आदेशानुसार डॉ. चेतन कौशिक, डॉ. पूनम यादव, फार्मासिस्ट हितेश कुमार, एएनएम संगीता नेताम, एमएलटी राधा सारथी, नेत्र सहायक अधिकारी कुलदीप सिंह क्षत्रिय,रमाशंकर पाण्डेय, साजन लहरे, सीएचओ संध्यालता कौशिक एवं आरएचओ अरुण बघेल की टीम ने सेवाएं दीं। दवाइयों एवं जांच किट की व्यवस्था फार्मासिस्ट ग्रेड-2 रवि कुमार सूर्यवंशी द्वारा की गई।



