Latest Posts

फ्लाई ऐश प्लांट की 10 एचपी मोटर, नल-जल योजना का पंप और सूने मकान से सामान पार, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

लखनपुर में बेखौफ चोरों का आतंक, तीन जगह धावा

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुर और आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की वारदातों से ग्रामीणों और कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है। चोरों ने एक फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट, नल-जल योजना के सरकारी पंप और एक सूने मकान को निशाना बनाकर मोटर, पंप सहित अन्य सामान पार कर दिया। इनमें से एक वारदात की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। मामले में पीड़ितों और पंचायत प्रतिनिधियों ने कटघोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
कटघोरा निवासी व्यवसायी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लखनपुर स्थित उनके फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट में 14 सितंबर की दरमियानी रात करीब 2 बजे तीन अज्ञात चोर बाउंड्री पार कर अंदर घुसे। आरोपियों ने ईंट निर्माण मशीन में लगी 10 एचपी की मोटर उखाड़कर चोरी कर ली। वारदात प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में चोर सिर पर कपड़ा बांधे नजर आ रहे हैं। दूसरी घटना में ग्राम पंचायत लखनपुर में नल-जल योजना के तहत लगाया गया 5 एचपी का सरकारी मोटर पंप चोरी हो गया। जनप्रतिनिधि ने थाना प्रभारी को संयुक्त शिकायत देकर बताया कि 19 सितंबर को अज्ञात चोर पंप चोरी कर ले गए। पंप चोरी होने के बाद गांव की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का हवाला देते हुए कसिनयां चौक और लखनपुर चौक पर नियमित पुलिस बल तैनात करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। तीसरी वारदात में लखनपुर निवासी के जवाली मोड़ स्थित सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। 19 सितंबर की रात मकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और गैस सिलेंडर, मोटर स्टार्टर, स्टार्टर केबल, पीतल की परात, लोहे का सब्बल, दुरमुस और दो रोशनदान समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए।

Latest Posts

Don't Miss