Latest Posts

शारदा मॉ लॉजिस्टिक्स को कलेक्टर का नोटिस, जवाब नहीं देने पर होगी एकपक्षीय कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। ग्राम कन्हाईबंद स्थित मेसर्स शारदा मॉ लॉजिस्टिक्स प्रा. लि. के कोल डिपो में नियमों के उल्लंघन और अनियमितताएं पाए जाने पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। फर्म को 15 दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।जांच में स्वीकृत 1.503 हेक्टेयर क्षेत्र के बजाय करीब 1.948 हेक्टेयर में कोल डिपो संचालित करना, क्षेत्र में तार फेंसिंग अथवा दीवार नहीं होना, आवश्यक रजिस्टर एवं अभिलेख संधारित नहीं करना तथा मासिक विवरणी प्रस्तुत नहीं करना पाया गया। इसके अलावा प्राथमिक चिकित्सा, अग्निशमन यंत्र और सुरक्षा किट की व्यवस्था भी नहीं मिली।जांच प्रतिवेदन में पर्याप्त वृक्षारोपण नहीं होने तथा प्रदूषित पानी को बिना उपचार नाले में प्रवाहित करने की बात भी सामने आई है। वहीं, नगर तथा ग्राम निवेश विभाग ने बिना विकास अनुज्ञा के निर्माण कर व्यावसायिक कोल भंडारण किए जाने पर आपत्ति दर्ज की है। रेलवे ने भी प्रस्तुत दस्तावेजों में रेलवे अंडरब्रिज को उचित रूप से प्रदर्शित नहीं करने पर आपत्ति जताई है।कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने पर छत्तीसगढ़ खनिज नियम, 2009 के तहत एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित फर्म की होगी।

Latest Posts

Don't Miss