Latest Posts

ESIC अस्पताल के डॉक्टर ने की आत्महत्या, पहले ब्लेड से काटी हाथ की नस फिर फंदे पर झूला

कोरबा। शहर में ESIC अस्पताल में पदस्थ 34 वर्षीय MBBS डॉक्टर डॉ. अल्बिन ए. ने आत्महत्या कर ली। मूलतः केरल के रहने वाले डॉक्टर ने कथित तौर पर पहले सर्जिकल ब्लेड से अपने हाथ की नस काटने का प्रयास किया और इसके बाद फांसी के फंदे पर झूल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले डॉक्टर का एक युवती से ब्रेकअप हुआ था। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। हालांकि आत्महत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद डॉक्टर के परिजन केरल से कोरबा पहुंचे। जिला मेडिकल कॉलेज में वैधानिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके बाद शव को एयरलिफ्ट कर उनके गृहग्राम केरल भेज दिया गया।

भाषा बनी बड़ी परेशानी

परिजनों को स्थानीय बोली और हिंदी की जानकारी नहीं होने के कारण पुलिस और अस्पताल की प्रक्रिया पूरी कराने में भाषा की समस्या सामने आई। ऐसे समय में कोरबा में रह रहे तमिल भाषी लोगों ने आगे बढ़कर परिजनों की मदद की। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के साथ जरूरी प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया। वहीं पुलिस ने भी परिजनों से बातचीत और बयान दर्ज करने के लिए ट्रांसलेटर की मदद ली।

ESIC अस्पताल की भूमिका पर भी सवाल

घटना के बाद ESIC अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया गया कि घटना के समय अस्पताल का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था। इतना ही नहीं, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान भी अस्पताल प्रबंधन की ओर से किसी अधिकारी या कर्मचारी की मौजूदगी नहीं रही। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। डॉक्टर के मोबाइल फोन, संपर्क में रहे लोगों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Latest Posts

Don't Miss