Latest Posts

घर में घुसकर लाखों के जेवर चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

बलौदा पुलिस ने 15.87 लाख का चोरी का माल किया बरामद, अकलतरा का सोनार भी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। बलौदा के सोनार मोहल्ला में रात के समय घर में घुसकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी के जेवरात खरीदने वाला अकलतरा निवासी सोनार सुमित अग्रवाल भी शामिल है। वारदात में तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15.87 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 7 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, बलौदा वार्ड क्रमांक 7 निवासी नवीन सोनी अपने परिवार के साथ घर में सोया था। सुबह उठने पर कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। दूसरे कमरे में जाकर देखने पर आलमारी का ताला और कुंडी टूटी हुई थी। आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी रकम गायब थी। शिकायत पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 386/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की पतासाजी की गई।जांच के दौरान पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने तीन विधि से संघर्षरत बालकों के सहयोग से घर में प्रवेश कर चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए जेवरात को संगीता जगत के सहयोग से अकलतरा निवासी सोनार सुमित अग्रवाल को बेचने की बात सामने आई। आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने चोरी का अधिकांश मसरूका बरामद कर लिया।बरामद सामान में रानी हार, चांदी की चैन, चोकर हार, सोने की नथ, ओम लॉकेट, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, सोने की धातु सहित 7 हजार रुपए नकद शामिल हैं। बरामद मसरूका की कुल कीमत करीब 15.87 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में आयुष आदित्य उर्फ आशु (26), जीतु देवार (20), सुमित अग्रवाल (41) निवासी अकलतरा और संगीता जगत (36) निवासी बलौदा को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल तीन विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।पुलिस टीम की रही अहम भूमिकाकार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि रामदुलार साहू सहित थाना बलौदा एवं साइबर थाना जांजगीर की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Latest Posts

Don't Miss