धूमधाम से मना बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा
जांजगीर-चांपा। असत्य पर सत्य व बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा जिले में उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस बार जिला मुख्यालय के हाईस्कूल मैदान में 35 फीट के रावण पुतले का दहन किया गया। यहां 20 अक्टूबर को शाम 6 बजे से ख्याति लब्ध लोक कलाकार की टीम द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तिुति दी गई। वहीं बरमबाबा मंदिर से प्रभुरामजी की यात्रा रथ के साथ धुमाल बैंड पर नृत्य करते हुए हाईस्कूल मैदान पहुंची, जहां उपस्थित अतिथियों के द्वारा प्रभुरामजी का पूजन उपरांत बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया । इधर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। रावण दहन के पूर्व आकर्षक रंग बिरंगी व मनमोहक आतिशबाजी का नजारा देखने को मिला,लेकिन रावण दहन के समय अचानक बारिश होने से यहां अव्यवस्था का माहौल निर्मित गया।
गौरतलब है कि जिला मुख्यालय जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में प्रतिवर्ष भव्य रुप से दशहरा उत्सव मनाया जाता है। यह आयोजन नगर पालिका प्रशासन द्वारा हर साल कराया जाता है। इस बार भी हाईस्कूल मैदान में रावण के 35 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा को लेकर लोगों में सुबह से ही उल्लास था। शाम होते ही लोग अपने घरों से दशहरा देखने निकल पड़े। जिला मुख्यालय जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में लोगों की भीड़ उमड़ी। यहां नगरपालिका द्वारा इस बार 35 फीट का रावण का पुतला बनवाया गया था। पुरानी बस्ती से भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की झांकी बाजे-गाजे के साथ शाम 7 बजे निकली, जो कचहरी चौक होते हुए रात 9 बजे हाईस्कूल मैदान पहुंची। यहां रात्रि 9.30 बजे रावण का पुतला दहन किया गया। पुतला दहन के साथ ही हाईस्कूल मैदान में आतिशबाजी हुई। इसके पूर्व यहां शाम 6 बजे से ख्याति लब्ध लोक कलाकार की टीम द्वारा कार्यक्रम का रंगारंग प्रस्तिुति दी गई। इधर गली-मोहल्लों में बच्चों ने रावण के छोटे-छोटे पुतलों का दहन कर विजयादशमी का पर्व मनाया। नगर में मुख्य रूप से तीन स्थानों में बड़े स्तर पर रावण पुतला का दहन किया जाता है। हाईस्कूल मैदान में नगरपालिका द्वारा दशहरा महोत्सव में रावण पुतले का दहन किया गया। इसी प्रकार टीसीएल मैदान में राजपूत क्षत्रीय समाज ने टीसीएल कॉलेज मैदान में पुतला दहन किया। भाठापारा में बुधवार को रावण का पुतला जलाया जाएगा।



