Friday, February 6, 2026

Latest Posts

संविधान में निर्धारित नियम हमारे जीवन, देश व समाज की दशा-दिशा और राह निश्चित करते हैं : दुबे


कोरबा। एके गुरुकुल कॉलेज एवं रानी लक्ष्मी बाई विद्यालय ढेलवाडीह में गणतंत्र दिवस की 77वीं वर्षगांठ का उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। एके गुरुकुल ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर अक्षय कुमार दुबे ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का निष्ठा पूर्वक निर्वहन करते हुए देश व समाज के विकास में अपना योगदान सुनिश्चित करने प्रेरित किया। श्री दुबे ने कहा कि संविधान में निर्धारित नियम हमारे जीवन, देश व समाज की दशा-दिशा और राह निश्चित करते हैं। उनका पालन सुनिश्चित कर अपने कर्तव्यों और दायित्वों का निर्वहन ही हमें एक जिम्मेदार व जागरुक नागरिक की पहचान देता है।
एके गुरुकुल प्रांगण में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए श्री दुबे ने युवाओं को उच्च शिक्षित करने के प्रति संस्था के दायित्वों का निर्वहन करने सभी को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। हम अपने कर्तव्य पथ पर चलकर ही अपने विद्यालय, महाविद्यालय, अपने विद्यार्थियों और देश को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रखने में अपना योगदान दे सकते हैं। तिरंगा फहराने के साथ ही सभी ने राष्ट्रगान गाया। विद्यार्थियों ने संगीत की मधुर धुन में सुमधुर प्रस्तुति से सभी को भाव विभोर कर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों, सहायक प्राध्यापकों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों को भारतीय संस्कृति, परंपरा का अनुसरण करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी विभागप्रमुख, सहायक प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Latest Posts

Don't Miss