0 हेलमेट नहीं लगाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर
कोरबा, जिले में बढ़ते सड़क हादसों के दृष्टिगत इस पर नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के निर्देशन व मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा अब सख्त कार्यवाही शुरू की जाएगी। लापरवाह वाहन चालकों को हिदायत दी गई है कि वे नियमों का पालन करें वरना सोमवार से उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। खासकर हेलमेट और शराब सेवन कर वाहन चालन पर कार्यवाही होगी।
यातायात डीएसपी शिवचरण सिंह परिहार ने बताया कि सोमवार से कोरबा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के अलावा जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग, राजकीय राजमार्ग, राजमार्ग और ग्रामीण सड़कों पर सख्ती बरती जाएगी। शहर के टीपी नगर चौक, सीएसबी चौक, सीतामढ़ी, सुभाष चौक, सर्वमंगला, उरगा चौक, गोपालपुर, कटघोरा-अम्बिकापुर मार्ग, उरगा हाटी मार्ग इत्यादि पॉइंट पर चेकिंग की जाएगी। यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील किया है कि चेकिंग के दौरान असुविधा से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करें एवं वाहन संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज साथ में रखें।
0 अब तक 246 मौत, 519 घायल
यातायात डीएसपी श्री परिहार ने बताया कि कोरबा जिले में वर्ष 2022 में अब तक सड़क दुर्घटना में करीब 246 लोगों की मृत्यु हो चुकी है और 519 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना का प्रमुख कारण लापरवाही पूर्वक वाहन चलाना एवं यातायात नियमों का पालन नहीं करना है। सड़क हादसे में मरने वालों में 90 प्रतिशत लोग दोपहिया वाहन चालक हंै। इनमें से किसी ने भी वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहना था, इसलिए चेकिंग के दौरान हेलमेट नहीं पहनने वालों पर कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने, ओवर स्पीड, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले, नाबालिग वाहन चालक, तीन सवारी, वाहनों के दस्तावेज नहीं रखने वाले, ध्वनि और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर भी कार्यवाही होगी।
0 हादसे में पत्रकार ने खोया पैर, कलेक्टर ने लगवाया नो-एंट्री
कटघोरा मुख्य मार्ग में गुरुवार रात हुए हादसे में क्षेत्र के पत्रकार अरविन्द शर्मा को अपना पैर गंवाना पड़ा है। लापरवाही पूर्वक ट्रैक्टर चलाते हुए चालक ने व्यस्त मार्ग में ट्राली को पलटा दिया। इस दौरान अरविंद शर्मा अपनी मोटरसाइकिल से उसी मार्ग से गुजर रहे थे जिनके ऊपर ट्राली गिर पड़ी और उनका पैर चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद भारी वाहनों के तेज रफ्तार से दौड़ने पर अंकुश लगाने के लिए कटघोरा वासियों की ओर से वरिष्ठ कांग्रेसी शिव शर्मा शिब्बू, युवा कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष विकास सिंह, प्रदेश सचिव आकाश शर्मा ने कलेक्टर संजीव झा को ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर ने तत्काल नो एंट्री लगाने का निर्देश जारी किया। कटघोरा के प्रथम अपर कलेक्टर विजेन्द्र पाटले ने कटघोरा नगर के अंदर के मुख्य मार्ग से गुजरने वाली भारी वाहनों को पूर्णत: प्रतिबंधित किया है। अंबिकापुर-कोरबा-बिलासपुर से आने वाले भारी वाहन के परिवहन हेतु कटघोरा बाईपास सड़क अंबिकापुर-रामपुर-महेशपुर-हुंकरा-जेेंजरा चौक, बिलासपुर-बगदेवा-ढेलवाडीह-जेंजरा चौक व कोरबा से जेंजरा चौक-बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग में ही भारी वाहनों का परिचालन सुनिश्चित किया गया है।



