अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों में आधुनिक यात्री सुविधा उपलब्ध कराए जाने की है योजना
• अब नहीं लगेगी ट्रकों की कतार, 20 गांवों के लिए आवागमन होगा सुगम
कोरबा। विकसित भारत परिकल्पना के तहत देश में रेल विकास के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। इस कड़ी में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 26 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिलासपुर मंडल के 25 फाटकों में 673.88 करोड़ रुपए की लागत से रोड ओवरब्रिज व 181.66 करोड़ रुपए की लागत से 15 स्टेशनों के कायाकल्प का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे, जिसमें कोरबा रेलवे स्टेशन व उरगा आरओबी शामिल है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों में आधुनिक यात्री सुविधा उपलब्ध कराए जाने की योजना है। इस योजना के तहत कोरबा रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए चौड़े रोड का निर्माण, आकर्षण प्रवेश द्वार, सुव्यवस्थित पार्किंग एरिया, गार्डन व सौंदर्यीकरण, स्थानीय कला-संस्कृति की चित्रकारी और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा इस कायाकल्प में डिजाइनर साइनेजेस, अतिरिक्त प्लेटफार्म शेल्टर का निर्माण तथा अतिरिक्त शौचालय का निर्माण शामिल है। भव्य प्रतीक्षालय का निर्माण, महिलाओं व दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य भी किया जाएगा।
उरगा-भैसमा समपार रेल ओवरब्रिज से आवागमन करने वाले मुसाफिरों तथा सभी छोटे बड़े वाहनों को दुर्घटना मुक्त, निर्बाध गति एवं सुरक्षा के साथ सड़क यातायात की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उरगा-हाटी मार्ग में समपार फाटक बंद होते ही भारी वाहनाें की कतार लग जाती थी। इस ओवर ब्रिज के अस्तित्व में आने के बाद भैंसमा से उरगा रेलवे स्टेशन तक पहुंचने वाले लगभग 20 गांवों के यात्रियों को अब काफी आसानी हो जायेगी। विद्यार्थियों, व्यवसायियों के अलावा आम राहगीरों के लिए यह ओवर ब्रिज सुविधा एक बड़ी सौगात लेकर आई है।
लोकार्पण कार्यक्रम के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष साज-सज्जा की जा रही है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों के अलाव रेल विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।



