नियमित करने की मांग को लेकर कर रहे हड़ताल, घरों में नहीं पहुंचेगा बिजली का बिल
कोरबा….. जिले भर के स्पॉट बिलिंग कर्मचारी अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर 1 मार्च से हड़ताल पर जाएंगे। कर्मचारियों ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बेरोजगार हो जाएंगे। इसलिए नियमित करने को लेकर हड़ताल में जाने का निर्णय लिया है। इससे घरों में बिजली का बिल समय पर नहीं पहुंचेगा। मीटिर रीडर संघ ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में पिछले कई वर्षो से रीडिंग कार्य करते आ रहे हैं। प्रदेश में वितरण कंपनी द्वारा सभी उपभोक्ताओं के परिसर में जिसकी संख्या 56 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय लिया गया है। स्मार्ट मीटर लगने से हमारा रोजगार समाप्त हो जाएगा। हमारे बीच में कई ऐसे भी मीटर रीडर हैं जो कई वर्षों से वितरण कंपनी में मीटर रीडिंग का कार्य करते आ रहे हैं। जिनकी उम्र 40 से पार हो
चुकी है। सभी का अपना घर परिवार है। इसी से अपने घर भी चला रहे हैं। रोजगार समाप्त होने की स्थिति में परिवार के समक्ष आर्थिक व मानसिक समस्या की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। एक साथ इतने लोगों के बेरोजगार हो जाने से कई परिवार बर्बादी की राह पर आ जाएंगे। स्पॉट बिलिंग कर्मचारियों की संख्या 6 हजार है। कर्मचारियों का कहना है कि सभी बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद आज तक किस प्रकार का आश्वासन नहीं मिला है। इसलिए हड़ताल में जाने के लिए बाध्य हो गए हैं। 1 से 5 मार्च तक हड़ताल में जाएंगे। इससे समय पर बिजली बिल घरों में नहीं मिलेगा। उक्त जानकारी सतीश साहू सचिव अध्यक्ष नामदेव उपाध्यक्ष बिनु राठौर कोषाध्यक्ष परवीन वानखेड़े ने दी



