कोरबा, कटघोरा में उठाईगिरी करने के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लेने में सफलता मिली है। आरोपी के कब्जे 4 लाख 90 हजार रुपए पुलिस ने बरामद भी किया है। दो आरोपियों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया था। बता दें कि 17 अक्टूबर को चैतमा पाली का रहने वाला कल्याण सिंह पैकरा एसबीआई बैंक की कटघोरा शाखा से 5 लाख रुपए का आहरण कर डिक्की में रखने के बाद घर जाते समय मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने रूका। दुकान से वापस बाइक के पास आने पर डिक्की खुली थी और रुपए पार हो गए थे। उठाईगिरी की इस घटना की रिपोर्ट प्रार्थी ने कटघोरा थाना में दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को नट गिरोह के शामिल होने का पता चला। 5 अलग-अलग टीम आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई थी, जिन्हें अलग-अलग टॉस्क दिया गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें जटगा पसान होकर दो संदेही के गौरेला-पेंड्रा की ओर भागे जाने की जानकारी मिली। इसके बाद हुलिया के आधार पर पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले जनकपुर, चिरमिरी, जशपुर के लुडेग व पेंड्रा गौरेला क्षेत्र में इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है। नट गिरोह के उठाईगिरी में होने की पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम ने पत्थलगांव के ग्राम झक्कड़पुर में नट लोगों के घरों में दबिश दी, जहां से हुलिया के आधार पर दीपक कुमार नट को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने साथी वासुदेव नट के साथ मिलकर उठाईगिरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। मामले के आरोपी वासुदेव को बलरामपुर पुलिस अपने हिरासत में लेकर गई है, जिसकी भी जल्द गिरफ्तार कर ली जाएगी।



