कोरबा,जिले के देवी मंदिरों में शारदीय क्वांर नवरात्रि पर्व के प्रतिपदा तिथि पर सोमवार को मां का जयकारा लगाते हुए आस्था के ज्योत प्रज्जवलित किए गए। इस दौरान मंदिर पहुंचे भक्तों ने भी देवी दरबार में ज्योति कलश प्रज्जवलित कर पूजा-अर्चना की। मनोकामना दीप से माता का दरबार रौशन हुआ है। शहर के सर्वमंगला मंदिर, दर्री स्थित भवानी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। आने वाले दिनों में यहां भक्तों की भीड़ बढ़ेगी। मां के दर्शन करने श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नवरात्रि पर्व को लेकर देवी मां के भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। नवरात्रि पर 9 दिनों तक उपवास रहकर मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा-अर्चना करने वाले व्रतियों ने भी प्रतिपदा तिथि से व्रत प्रारंभ किया है। देवी मंदिरों में पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना के बाद घटस्थापना के साथ ज्योति कलश प्रज्जवलित किए गए। इसी के साथ मंदिर में माता के सेवक इसकी सेवा में जुट गए हैं। 9 दिनों तक देवी दरबार में अखंड रूप से ज्योति कलश प्रज्जवलित रहेंगे। इधर कई गांवों में भी जवारा बोया गया। इसी के साथ माता की सेवा में ग्रामीण जुट गए हैं। शहर समेत उपनगरों में विभिन्न जगहों पर पंडाल तैयार कर मां दुर्गा की प्रतिमा भी स्थापित की गई है, यहां पर गरबा, डांडिया के भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। कई स्थानों पर नवरात्रि पर्व के षष्ठी तिथि से भी पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा विराजित किए जाएंगे।



