काउंटरों पर बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में यह सुविधा होगी मददगार
चांपा। अनारक्षित टिकट लेने के लिए अब यात्रियों को रेलवे टिकट काउंटरों की लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नही पड़ेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में चांपा रेलवे स्टेशन पर पहली बार एम-यूटीएस सहायक सुविधा शुरू की है। इसके साथ ही चांपा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का पहला स्टेशन बन गया है, जहां स्टेशन परिसर में घूमकर यात्रियों को मौके पर ही अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में होने वाली परेशानी से राहत दिलाना और उनकी यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है। इसके तहत नियुक्त एम-यूटीएस सहायक मोबाइल टिकटिंग उपकरण और पोर्टेबल प्रिंटर लेकर यात्रियों तक पहुंच रहे हैं। स्टेशन के प्रवेश द्वार, होल्डिंग एरिया, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य यात्री क्षेत्रों में ही अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे यात्रियों को टिकट लेने के लिए काउंटर तक जाने और कतार में लगने की आवश्यकता नही होगी। इस व्यवस्था में यात्री टिकट का भुगतान नकद के साथ उपलब्ध डिजिटल माध्यमों, यूपीआई और क्यूआर कोड के जरिए भी कर सकेंगे। व्यस्त समय, त्योहारों और छुट्टियों के दौरान टिकट काउंटरों पर बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में भी यह सुविधा मददगार होगी। खासकर ट्रेन छूटने से पहले टिकट लेने की जल्दबाजी में यात्रियों को होने वाली परेशानी कम होगी। वरिष्ठ नागरिकों, अधिक सामान लेकर चलने वाले यात्रियों और काउंटर तक पहुंचने में असमर्थ लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। एम-यूटीएस सहायक योजना यात्री सुविधा के साथ रोजगार और स्वरोजगार को भी बढ़ावा देगी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पात्र व्यक्तियों को संविदा या निविदा के माध्यम से एम यूटीएस सहायक के रूप में काम करने का अवसर दिया जाता है। उन्हें टिकट जारी करने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके बाद वाणिज्य विभाग की निगरानी में वे मोबाइल उपकरणों से टिकट जारी करते हैं। इसके बदले टिकट बिक्री के आधार पर निर्धारित प्रोत्साहन राशि और बोनस दिया जाता है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि चांपा स्टेशन पर इस सुविधा की शुरुआत यात्रियों को सरल और सुविधाजनक टिकटिंग सेवा देने की दिशा में अभिनव पहल है। इससे यात्रियों का समय बचेगा और कतारों से राहत मिलेगी। चांपा स्टेशन पर शुरू की गई एम-यूटीएस सहायक योजना यात्रियों की सुविधा के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का अवसर भी उपलब्ध करा रही है। योजना के तहत पात्र युवाओं को सविदा या निविदा प्रक्रिया से चयनित कर रेलवे टिकट जारी करने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके बाद वे वाणिज्य विभाग की निगरानी में मोबाइल उपकरण और पोर्टेबल प्रिंटर से टिकट जारी करते हैं। टिकट बिक्री के आधार पर उन्हें निर्धारित प्रोत्साहन राति और बोनस मिलता है। इस व्यवस्था से शिक्षित युवाओं को स्वरोजगार के लिए एक नया विकल्प मिलेगा। साथ ही रेलवे की टिकटिंग व्यवस्था में तकनीक और मानवीय सहयोग का बेहतर समन्वय स्थापित होगा। यह पहल छोटे स्टेशनों पर भी यात्री सेवाओं को आधुनिक बनाने और रोजगार के नए अवसर विकसित करने की दिशा में उपयोगी साबित हो सकती है।



