
तेलुगू फिल्मों के सुपरस्टार दिग्गज अभिनेता महेश बाबू पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महेश बाबू की मां इंदिरा देवी का निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, काफी दिनों से उनकी तबीयत खराब थी।उन्हें हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार तड़के उन्होंने आखिरी सांस ली।
परिवार की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, उन्होंने बुधवार सुबह करीब 4 बजे अंतिम सांस ली। महेश बाबू की मां इंदिरा देवी पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ थीं। उनका अंतिम संस्कार महा प्रस्थानम में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए पद्मालय स्टूडियोज में रखा जाएगा। स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं इंदिरा देवी बताया जा रहा है कि 70 वर्षीय इंदिरा देवी उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उन्हें हैदराबाद के एआईजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बाद में उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट करना पड़ा। इसके बाद उनकी तबीयत और बिगड़ती चली गई। बुधवार सुबह वह दुनिया छोड़ गईं। फैंस में शोक की लहर इस दुखद घटना को लेकर महेश बाबू के फैंस सोशल मीडिया संवेदना जाहिर कर रहे हैं। फैंस सुपरस्टार को इस मुश्किल घड़ी में मजबूत रहने के लिए कह रहे हैं।फैंस के अलावा साउथ मेगास्टार चिरंजीवी ने भी ट्वीट कर महेश बाबू की मां की निधन को श्रद्धांजलि दी है। आपको बता दें कि महेश बाबू के पिता कृष्णा अपने जमाने के तेलुगू फिल्मों के सुपरस्टार रह चुके हैं। उन्होंने पहली शादी इंदिरा देवी से की थी, जिनसे उन्हें 5 बच्चे हुए। इन 5 बच्चों में महेश बाबू चौथे नंबर पर हैं। बाद में कृष्णा ने इंदिरा देवी से तलाक ले लिया और अभिनेत्री विजया निर्मला से शादी कर ली।



