ओडीशा के रास्ते बीजापुर ले जाई जा रही थी शराब
महासमुंद( संवाद साधना) । सिंघोड़ा व साइबर सेल की टीम ने रेहटीखोल बेरियर के पास एक ट्रक से शराब की तस्करी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। युवकों से पुलिस ने 400 पेटी शराब (कीमत लगभग 23 लाख रुपए)जब्त की है। शराब झारखंड से ओडीशा होते हुए बीजापुर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश का एक ट्रक भारी मात्रा में शराब लेकर ओडिशा की ओर से महासमुंद की ओर आ रहा है। सूचना पर सिंघोडा व साइबर सेल टीम ने सभी प्वाइंट पर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग रेहटीखोल के पास आइसर ट्रक क्रमांक यूपी 77 एटी 4876 को रोका गया। ट्रक में दो युवक सवार थे जिन्होंने अपना नाम-पता मानपुर थाना शिवराजपुर, जिला कानपुर, उत्तर प्रदेश निवासी अजय कुमार (25) चासबोकारो, थाना चासबोकारो, झारखण्ड निवासी बादल मण्डल (25) बताया। पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो उसमें भूसा भरा था, भूसा बोरी को हटाने पर ट्रॉली में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां मिली।
पेटियों में 180-180 मिली गोवा स्पेशल व्हीस्की प्रत्येक कार्टून में 48-48 नग कुल 400 नग सफेद कार्टून में 19200 नग पौवा जिसमें प्रत्येक शीशी में एसएन 879375932 छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग का लिखा स्टीकर चिपका हुआ तथा जेएएन/23बी313 का पर्ची लगी मिली। लेकिन शराब परिवहन संबंधी कोई कागजात आरोपियों के पास नहीं मिला। पुलिस ने आरोपियों से कुल 19200 नग गोवा स्पेशल व्हीस्की कुल 3456 लीटर कीमती 23.4 लाख रुपए एवं तस्करी में प्रयुक्त आयशर ट्रक जब्त किया। कार्रवाई में सिंघोड़ा थाना प्रभारी उप निरीक्षक उमेश वर्मा, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक नसीमुद्दीन खान, प्रधान आरक्षक प्रशांत सागर, आरक्षक हेमंत नायक, संदीप भोई, सुशांत बेहरा, जैकी प्रधान, बिरेन्द्र कर, विरेन्द्र बाघ, यश ठाकुर, मनोहर साहू, डिग्री मेहर, जिवर्धन बरिहा, रोहित सिदार शामिल रहे।
अब तक 10 हजार लीटर अवैध शराब जब्त
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनवरी से अब तक पुलिस ने कुल 822 प्रकरणों में 857 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 47.53 लाख रुपए के 10434 लीटर शराब जब्त की है। शुक्रवार को पकड़ी गई शराब के संबंध में जब आरोपियों से पूछताछ की गई तो पता चला कि वे झारखण्ड से महासमुंद होते हुए जिला बीजापुर में शराब खपाने ले जा रहे थे।



