Latest Posts

Sports Academy News: सोमवार तक गोलपोस्ट और जूते उपलब्ध कराएं, देखने आऊंगीःडाॅ वर्णिका

Sports Academy News:  बच्चों से वन-टू-वन संवाद करते हुए भडक़ीं बाल आयोग अध्यक्ष

Sports Academy News: खेल अकादमी में अव्यवस्थाओं पर सख्त रूख, सुधार के दिए निर्देश

Sports Academy News:  रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने गुरुवार को खेल अकादमी के आवासीय परिसर का औचक निरीक्षण किया। बच्चों से सीधे संवाद के दौरान जब खेल सामग्री, मैदान और मूलभूत सुविधाओं में भारी लापरवाही उजागर हुई तो उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सोमवार तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा 14 नवम्बर 2025 को अचानक खेल अकादमी के आवासीय परिसर में पहुंचीं। उनके आने की सूचना मिलते ही खेल विभाग के अधिकारी, बाल संरक्षण अमला और प्रशिक्षक मौके पर एकत्र हुए। परंतु डॉ. शर्मा ने किसी औपचारिक ब्रीफिंग के बजाय सीधे खिलाडिय़ों के बीच जाकर उनसे व्यक्तिगत रूप से बातचीत करने का फैसला लिया। उन्होंने आरचरी, एथलेटिक्स, हॉकी और फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों से जुड़े बालक-बालिकाओं से बहुत ही सहज माहौल में उनकी समस्याओं के बारे में पूछा।

Sports Academy News: बच्चों ने बिना झिझक अपनी चिंताएं सामने रखीं

इस दौरान बच्चों ने बिना झिझक अपनी चिंताएं सामने रखीं। फुटबॉल खिलाडिय़ों ने बताया कि मैदान में अभी तक गोलपोस्ट नहीं लगाया गया है, जिसके कारण प्रैक्टिस अधूरी रह जाती है। वहीं कई खिलाडिय़ों ने यह भी कहा कि उन्हें खेल जूते और कुछ जरूरी सामग्री अभी तक नहीं मिली है। अधिकारियों ने सफाई दी कि ये सामग्री कुछ दिन पहले ही आई है, इसलिए अभी वितरण नहीं हो पाया। इस पर डॉ. शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में सामग्री स्टोर रूम में धूल नहीं खानी चाहिए। उनके स्पष्ट शब्द थे— दो दिन के भीतर मैदान में गोलपोस्ट लग जाना चाहिए और सभी बच्चों को जूते व अन्य सामग्री मिल जानी चाहिए। सोमवार को मैं स्वयं निरीक्षण करने आऊंगी।

Sports Academy News:बच्चों से बच्चों की बात संवाद कार्यक्रम में माहौल बेहद आत्मीय रहा

बच्चों के बीच आयोजित बच्चों से बच्चों की बात संवाद कार्यक्रम में माहौल बेहद आत्मीय रहा। बातचीत के बीच बच्चे खुलकर हंसे, गाने गाए और नृत्य भी किया। डॉ. शर्मा भी बच्चों के साथ हंसी-मजाक में शामिल हुईं और उनकी प्रतिभा की सराहना की। बच्चों ने बताया कि कई समस्याएं ऐसी हैं जिनका समाधान केवल विभागीय स्तर पर नहीं हो सकता। इस पर डॉ. शर्मा ने कहा कि वे स्वयं माननीय खेल मंत्री से चर्चा कर उच्च स्तर पर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करेंगी।

Sports Academy News: इस बार सिर्फ सुनने नहीं, बल्कि बदलाव देखना भी चाहूंगी

निरीक्षण के दौरान खेल विभाग के अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग का बाल संरक्षण अमला और संचालनालय के वरिष्ठ संयुक्त संचालक नंदलाल चौधरी भी मौजूद रहे। दौरे के अंत में बच्चे काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने आयोग की अध्यक्ष से दोबारा आने का आग्रह किया। डॉ. शर्मा ने मुस्कुराते हुए कहा कि वे प्रगति देखने के लिए फिर आएंगी— और इस बार सिर्फ सुनने नहीं, बल्कि बदलाव देखना भी चाहूंगी।

Latest Posts

Don't Miss