चांपा। दशहरा महोत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शस्त्र पूजा व पथ संचालन किया गया। सुबह 6 बजे सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में शस्त्र पूजा की गई। इसके पश्चात पथ संचालन शुरू किया गया। दण्ड घोष की धुन के साथ संघ के कार्यकर्ता संघीय गणवेश सफेद कमीज व फुल पैंट के साथ हाथ में दण्डा लिये चल रहे थे। पथ संचालन लायंस चौक, विश्वेसरैय्या द्वार, बापू बालोद्यान, हनुमान चौक, कदम चौक, चौपाटी होते हुए वापस सरस्वती शिशु मंदिर परिसर पहुंचा, जहां पथ संचालन का समापन किया गया। नगर में हर वर्ष विजयादशमी को संघ द्वारा पथ संचालन का आयोजन किया जाता रहा है।



