रायपुर, (संवाद साधना)। भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी नितिन नबीन भाजपा के विधायकों की बैठक 18 जून को लेंगे। यह बैठक 12 बजे से शुरू होगी। इस दौरान नितिन नबीन संकल्प से सिद्धि अभियान की समीक्षा करने के साथ ही कई अन्य बैठक लेंगे। इसके लिए नितिन नबीन मंगलवार को रायपुर पहुंचेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, अजय जामवाल, पवन साय भी मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस को बड़ा झटका
वहीं बरमकेला जनपद पंचायत के कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष डॉ. विद्या किशोर चौहान ने आज भाजपा के जनपद सदस्यों से औपचारिक मुलाकात कर राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ दे दिया। इस मुलाकात को डॉ. चौहान द्वारा भाजपा को दिए गए स्पष्ट समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। पिछले कुछ समय से डॉ. चौहान के भाजपा के करीब आने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन पर उनकी सक्रिय भागीदारी ने मुहर लगा दी। विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कहते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि, जनहित सर्वोपरि है, और जहां विकास की दृष्टि सशक्त हो, वहीं मेरा सहयोग रहेगा।