Thursday, June 19, 2025

Latest Posts

पति ने इंस्टाग्राम पर पत्नी से किया प्यार का इजहार, 3 दिन बाद पत्नी का गला काटा

– चरित्र संदेह में हसिया से वारदात, 3 महीने पहले हुई थी शादी

रायपुर, (संवाद साधना ) । धमतरी  जिले के नगरी के वार्ड क्रमांक 15 में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तीन दिन पहले जिस पति ने पत्नी को सोशल मीडिया के माध्यम से प्यार का इजहार किया उसी का गला काटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना 10 जून की बताई जा रही है। आरोपी पति ने सब्जी काटने वाले हसिया से गला काट दिया। घर वाले खेत में काम करने गए थे। आरोपी पति धनेश्वर पटेल ने खुद परिवार को बताया तो छोटे भाई ने थाने में सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मानसिक इलाज चल रहा था और वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। दोनों की शादी को 3 महीने ही हुए है। वह पेशे से इलेक्ट्रिशियन है। आरोपी धनेश्वर का इंस्टाग्राम में शशिकांत पटेल के नाम से अकाउंट है। वह सोशल मीडिया में एक्टिव रहता था। अपने परिवार दोस्तों के साथ उसने कई फोटो अपलोड किया है। वहीं, 3 दिन पहले ही पत्नी संग फोटो डालकर उसने लव यू लिखा था।
शादी के बाद से दोनों के बीच विवाद
आरोपी पति धनेश्वर पटेल बिजली फिटिंग का काम करता था, घर के बाकी सदस्य खेती किसानी का काम करते थे। मीनाक्षी धमतरी शहर से लगे मुजगहन की रहने वाली थी। दोनों की शादी तीन महीने पहले फरवरी महीने में हुई थी। तब से ही दोनों के बीच विवाद चलता आ रहा था।
किसी से भी बात नहीं करने देता था
जानकारी के मुताबिक, धनेश्वर अपनी पत्नी को किसी से भी बात नहीं करने देता था। यहां तक कि उसने आस-पड़ोस में लोगों से बात करने को भी मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होते रहता था। मंगलवार को भी दोनों इसी बात को लेकर ही झगड़े थे। जिसके बाद गुस्से में आकर धनेश्वर ने सीधे उसका गला काट दिया। मीनाक्षी की मौत मौके पर ही हो गई।
हिरासत में आरोपी
एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर लिया है। मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Latest Posts

Don't Miss