Latest Posts

जल संसाधन विभाग का इंजीनियर निलंबित, हटाए गए डीईओ

– मुख्यमंत्री की दो टूक काम करो या सस्पेंड होने के लिए तैयार रहो

– पानी टंकी से ओवरफ्लो हो रहे पानी को देखकर जताई नाराजगी

रायपुर (संवाद साधना)। सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए दो बड़े निर्णय लिए। मुख्यमंत्री ने मुंगेली जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता आरके मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। सीएम ने स्पष्ट किया कि मनियारी जलाशय और पथरिया जलाशय जैसी महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाएं वर्षों से अधूरी पड़ी हैं, जो लापरवाही का स्पष्ट प्रमाण हैं। इसी तरह जीपीएम के जिला शिक्षा अधिकारी जगदीश कुमार शास्त्री को सीएम के निर्देश के बाद पद से हटा दिया गया है।
पहली बार दिखा मुख्यमंत्री का रौद्र रुप
आमतौर पर सरलता और सहजता के रूप में पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज रौद्र रूप दिखा। मुख्यमंत्री ने अफसरों से दो टूक कहा कि काम करो या सस्पेंड होने के लिए तैयार रहो। मुख्यमंत्री श्री साय का यह रूप सोमवार को सुशासन तिहार के दौरान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम चुकतापानी में देखने को मिला। सीएम आकस्मिक भ्रमण में चुकतापानी पहुंचे, महुआ के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे, तभी ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या बताई।
संतोषप्रद उत्तर नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
श्री साय ने तत्काल पीएचई विभाग के अधिकारियों को बुलाया। उन्होंने सब इंजिनियर से गांव में हैंडपंप की संख्या और जलजीवन मिशन के बारे में ग्रामवासियो से पूछा। सब इंजीनियर का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर श्री साय ने कहा कि यह सरकारी काम है, कोई मजाक नहीं है। काम करो या सस्पेंड होने के लिए तैयार रहो। उनका यह रूप देखकर वहां मौजूद सरकारी अमला सहम गया, जबकि ग्रामीणों ने तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया।
जनता से पूछा- सब ठीक है न…
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधा संवाद करते हुए पूछा कि सरकार कैसा काम कर रही है, सब ठीक है न। यही जानने आपके घर आया हूं। आप लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है ना, कुछ दिक्कत परेशानी हो तो बताइए। श्री साय ने इस दौरान पानी टंकी से ओवरफ्लो हो रहे पानी को देखकर पानी की बरबादी करने पर भी नाराजगी जाहिर की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर चुकतीपानी गांव के मिडिल स्कूल का मरम्मत करने की घोषणा की और साथ ही स्कूल के मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में उन्नयन करने की भी घोषणा की।

Latest Posts

Don't Miss