रायपुर (संवाद साधना )। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने वर्ष 2026 के लिए वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित इस शेड्यूल के अनुसार, साल भर में कुल 27 प्रमुख परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं की अधिसूचना जारी होने की तिथि, आवेदन की अंतिम तिथि और परीक्षा तिथियां सभी तय कर दी गई हैं।
24 मई को होगी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा
यूपीएससी के मुताबिक, सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा और भारतीय वन सेवा प्रीलिम्स परीक्षा एक साथ 24 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए नोटिफिकेशन 14 जनवरी 2026 को जारी और आवेदन की अंतिम तिथि 3 फरवरी 2026 रखी गई है। वहीं, मुख्य परीक्षा 21 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इसके अलावा इंजीनियरिंग सर्विस और भूगर्भशास्त्र सेवा परीक्षा 8 फरवरी 2026 को एक ही दिन ली जाएगी। इन परीक्षाओं के माध्यम से वैज्ञानिक, तकनीकी और प्रशासनिक पदों पर चयन किया जाएगा।
एनडीए, सीडीएस और सीएपीएफ की तिथियां भी घोषित
एनडीए और एनए (1), सीडीएस(1) की परीक्षाएं अगले साल 12 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। इसके बाद एनडीए, एनए (2) और सीडीएस (2) की परीक्षा 13 सितंबर को होगी। वहीं सेंट्रल आम्र्ड पुलिस फोर्स परीक्षा के लिए आवेदन 18 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक लिए जाएंगे और परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।



