रायपुर (संवाद साधना)। उरला क्षेत्र में रात को घर का ताला तोडक़र गैस सिलेंडर चोरी करने वाले तीन आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने एचपी कंपनी के तीन बड़े गैस सिलेंडर और एक छोटा सिलेंडर कीमत लगभग 10 हजार रुपए बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अनिल एड्रे ने पुलिस को बताया कि वह 30 जुलाई को अपने किराए के मकान (साई मोबाइल के पीछे, उरला) में ताला लगाकर अपने गृहग्राम सोरला (जिला बेमेतरा) चला गया था। अगले दिन सुबह 5 बजे पड़ोसी सूरज यादव का फोन आया कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलते ही प्रार्थी परिवार के साथ घर लौटा और देखा कि अज्ञात चोरों ने तीन बड़े सिलेंडर और एक छोटा चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर पतसाजी में जुट गई। जांच के दौरान ओरापियों का पता चलने पर सागर प्रजापति (22), रवि प्रजापति (18) और राजा टंडन (20) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तीनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने 30 जुलाई की रात चोरी की घटना को अंजाम दिए हैं। चोरी के सिलेंडर को पंकज ऑक्सीजन प्लांट के पास छिपाकर रखे हैं। आरोपियों के बयान के आधार पर चोरी किए सभी गैस सिलेंडर पुलिस ने बरामद किया।



