रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस संचालन शुरू, तीन राज्यों के यात्रियों को मिलेगा लाभ
रायपुर, (संवाद साधना)। छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन रविवार से शुरू हो गया है। रायपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई रेल सेवा इन तीनों राज्यों के बीच बेहतर संपर्क, यात्रा की सुगमता और क्षेत्रीय व्यापार व पर्यटन को बढ़ावा देगी। इस मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से), पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, रेलवे जीएम तरुण प्रकाश, आरपीएफ आईजी मुन्नवर खुर्शीद, और मंडल रेल प्रबंधक दयानंद उपस्थित रहे।
10 वर्षों में छत्तीसगढ़ का रेल बजे 21 गुना बढ़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में छत्तीसगढ़ का रेल बजट 21 गुना बढ़ा है। 2025-26 में यह बजट 6900 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। वर्तमान में 47,447 करोड़ रुपए की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत 32 रेलवे स्टेशनों के विकास के लिए 1680 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जैसे प्रमुख स्टेशनों पर विश्वस्तरीय यात्री सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब रायपुर से जबलपुर के बीच दूसरी ट्रेन सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को डोंगरगढ़ की यात्रा में भी सुविधा मिलेगी और मध्यप्रदेश के साथ संबंध और प्रगाढ़ होंगे।
डॉ. रमन बोले – तीन राज्यों के बीच बेहतर संपर्क का माध्यम
डॉ. रमन सिंह ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि यह रेल सेवा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के बीच बेहतर संपर्क का माध्यम बनेगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन लगभग 410 किमी की दूरी सिर्फ 8 घंटे में तय करेगी।
अन्य रात्रियों में भी नई रेल सेवाओं की शुरुआत
इनके साथ ही रीवा-पुणे (हड़पसर) एक्सप्रेस और भावनगर टर्मिनस-अयोध्या एक्सप्रेस का भी क्रमश: रीवा और भावनगर से शुभारंभ किया गया। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव उपस्थित रहे।
जानिए इस समय रवाना होगी ट्रेन
रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस प्रतिदिन चलेगी। गाड़ी संख्या 11701 रायपुर से दोपहर 2 बजकर 45 को रवाना होगी, जो दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ होते हुए 10 स्टेशनों से गुजकर 10 बजकर 45 मिनट पर जबलपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 11702 जबलपुर से सुबह 6 बजे रवाना होगी जो, नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया, दुर्ग होते हुए 1 बजकर 50 मिनट पर रायपुर पहुंचेगी। इस गाड़ी में 1 पावर कार, एक एसएलआरडी, 8 सामान्य श्रेणी कोच, 4 चेयर कार
और 1 एसी चेयर कार की सुविधा है।



